बस्तर CMHO पर गाज गिराने की मांग तेज, सेवा से बर्खास्त कर FIR की मांग
September 23, 2026रायपुर, 23 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के एक बड़े अधिकारी पर भ्रष्टाचार और अनियमितता के गंभीर आरोप लगे हैं। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ ने बस्तर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजय बसाक को तत्काल सेवा से बर्खास्त करने और उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
संघ के प्रदेश पदाधिकारियों ने आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में क्या आरोप हैं?
संघ ने ज्ञापन में 3 बड़े आरोप लगाए हैं –
1. 348 लाख का बिना अनुमति हस्तांतरण: आरोप है कि डॉ. बसाक ने कलेक्टर की अनुमति के बिना 348 लाख रुपये की राशि सिविल सर्जन को हस्तांतरित कर दी और कोटेशन के जरिए खर्च कर दिया। संघ का दावा है कि इस मामले में शासन स्तर पर गठित जांच दल ने डॉ. बसाक को दोषी पाया है, फिर भी कार्रवाई लंबित है।
2. ट्रांसफर पॉलिसी का उल्लंघन: डॉ. बसाक पर स्थानांतरण नीति 2025 का उल्लंघन करते हुए जिले के भीतर 48 कर्मचारियों का तबादला करने का आरोप है। संघ के मुताबिक इस तबादले को निरस्त करने का प्रस्ताव आयुक्त सह संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा शासन को भेजा जा चुका है।
3. प्रशासनिक कार्यों में हस्तक्षेप: ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में भी CMHO पद पर रहते हुए शासकीय कार्यों, खरीदी और अन्य व्यवस्थाओं में अनियमितताएं हो रही हैं। जिला अस्पताल में स्टाफ नर्सों की ड्यूटी लगाने जैसे कार्यों में भी उनके द्वारा अनावश्यक हस्तक्षेप किया जा रहा है।
स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ ने सचिव से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोष सिद्ध होने पर डॉ. बसाक को सेवा से बर्खास्त कर कानूनी कार्रवाई की जाए।


