बाल आश्रम में गांधी स्मृति संगोष्ठी, सांसद बोले — गांधी को सिर्फ 2 अक्टूबर को याद करना काफी नहीं
November 23, 2026CNS/रायपुर, 23 नवंबर 2026 // महात्मा गांधी जी के छत्तीसगढ़ आगमन की स्मृति पर आश्रम समिति एवं पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय इतिहास अध्ययनशाला रायपुर और राष्ट्रीय विद्यालय बाल के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर कचहरी चौक स्थित बाल आश्रम रायपुर में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वर्तमान सांसद लोकसभा एवं पूर्व मंत्री छ.ग. एवं म.प्र. शासन श्री बृजमोहन अग्रवाल जी, रायपुर दक्षिण विधायक श्री सुनील सोनी जी, रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा जी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय इतिहास अध्ययनशाला रायपुर के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. श्रीमती आभा पाल एवं डॉ. डी.एन. खुटे विभागाध्यक्ष इतिहास अध्ययनशाला, डॉ. किशोर कुमार अग्रवाल सेवानिवृत्त प्राध्यापक के अलावा श्री अजय तिवारी, श्री राजकिशोर नत्यानी, प्रधान संपादक छ.ग. वाच श्री रामअवतार तिवारी, दीपक दुबे, विजय दानी, शंकर दास डागा, गोकुल दास डागा, गोवर्धन दास डागा, मदन लाल तालेड़ा, सुशील त्रिवेदी, श्री देवीचंद श्रीश्रीमाल, रुपचंद श्रीश्रीमाल, प्रकाश वैद, हरीवल्लभ अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर सूत की माला अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वर्तमान सांसद लोकसभा एवं पूर्व मंत्री छ.ग. एवं म.प्र. शासन श्री बृजमोहन अग्रवाल जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन हमारे लिए सौभाग्य का दिन है। जिस स्थान पर बापू जी आए थे, आज के समय में नई और पुरानी पीढ़ी गांधी जी के किए गए कार्य को भूलती जा रही है। आज हम जो खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के द्वारा ही है। गांधी जी को अस्पृश्यता का संदेश पंडित सुंदरलाल ने दिया था। गांधी जी को केवल 02 अक्टूबर के दिन याद करने से काम नहीं चलेगा, उनके द्वारा किए गए कार्यों को भी याद करना होगा। गांधी जी का सपना था कि गांव को सशक्त होना चाहिए। 23 नवंबर 1933 के बाल आश्रम आगमन को याद करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि संस्था करोड़ों की नहीं, अरबों की मालिक है। ऐसे में यहां पर निवासरत असहाय एवं विपन्न बालकों हेतु ऐसी शिक्षा की व्यवस्था होनी चाहिए कि यहां प्रवेश दिलाने के लिए भी लोग एप्रोच लगाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा जी ने अपने संबोधन के द्वारा हंसाया और गांधी जी के कृतित्व को याद किया। साथ ही दक्षिण रायपुर के विधायक श्री सुनील सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि 1933 में गांधी जी बाल आश्रम आए थे। गांधी जी की देश को आजाद कराने में अहम भूमिका थी। आज हमको सुदृढ़ भारत का निर्माण करना है, जो ग्राम स्वराज्य आंदोलन और जनजागृति से ही हो सकता है। आज का दिन गांधी जी के संकल्प को पूरा करने का दिन भी है। वे स्वच्छ भारत चाहते थे।
अपने उद्बोधन में श्री सुनील सोनी ने महिलाओं को भी आगे आने के लिए कहा। उनका कहना है कि अब ऐसा समय आ चुका है, जिसमें एक जिला एक प्रोडक्ट का निर्माण होगा, जिसके माध्यम से हम एक सुदृढ़ भारत का निर्माण कर सकेंगे। आने वाला समय युवा पीढ़ी का है। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि नौकरी के पीछे न भागकर आत्मनिर्भर बनने की कोशिश करें। बाल आश्रम एक तीर्थ स्थल है, इसलिए मैं इस स्थान को पवित्र स्थान मानता हूं।
श्री सुशील त्रिवेदी ने अपने उद्बोधन में अपने पिता एवं दादा को याद करते हुए बताया कि उनके पिता हर दिन बाल आश्रम में आया करते थे। उन्होंने गांधी जी के अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन को सबसे बड़ा आंदोलन बताया, क्योंकि उनका कहना था कि गौतम बुद्ध के 5000 ईसा पूर्व और इस आंदोलन के बाद किसी जनआंदोलन का यदि किसी ने नेतृत्व किया था, तो वे गांधी जी थे। अगर हमको समाज को बदलना है, दुनिया को बदलना है, तो राजनीति से हटकर समाज सेवा करनी चाहिए। गांधी जी ने अपने जीवन में एक ही सिद्धांत अपनाया था कि जो बोला, सो किया। श्री त्रिवेदी का कहना था कि अगर हमको समाज को बदलना है, तो गीता को आत्मसात करना पड़ेगा, क्योंकि गांधी जी ने अपने जीवनकाल में गीता माता का ग्रंथ लिखा था। उन्होंने बताया कि जैतुसाव मठ से क्रांतिकारी आंदोलन का उदय हुआ था। अंत में उन्होंने कहा कि हमें दुनिया में बदलाव लाना है, तो समाज को बदलना होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित मंचासीन सदस्य गोकुल दास डागा ने अपने सारगर्भित संबोधन में कहा कि जब गांधी जी रायपुर आए थे, तब वे बहुत छोटे थे और गांधी जी डागा परिवार के वाहन से ही धमतरी गए थे।
कार्यक्रम में रिसर्च स्कॉलर के द्वारा रिसर्च पेपर पढ़ा गया। कार्यक्रम में प्रो. आभा रूपेंद्र पाल एवं डॉ. डी.एन. खुटे द्वारा संपादित पुस्तक ‘गांधी विमर्श’ का विमोचन किया गया। अंत में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल के द्वारा रिसर्च स्कॉलर को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. किशोर कुमार अग्रवाल जी ने किया।


