सहस्रबाहु अर्जुन जयंती महोत्सव में शामिल हुए CM साय, बोले — न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण के प्रतीक हैं भगवान सहस्रबाहु अर्जुन
November 23, 2026रायपुर, 23 नवंबर 2026 // मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित ‘राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव’ में शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन का जीवन न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण के उच्च आदर्शों का प्रतीक है। उनके आदर्श हमें समाज की सेवा और जनहित के कार्यों के लिए सदैव प्रेरित करते हैं। समाज के हर वर्ग की उन्नति में ही प्रदेश की समृद्धि निहित है और राज्य सरकार इसी भावना के साथ सभी वर्गों के कल्याण तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कलार समाज के गौरवशाली इतिहास की सराहना
मुख्यमंत्री ने समाजजनों को जयंती की बधाई देते हुए कहा कि कलार समाज का इतिहास अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली रहा है। सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी तक लगभग एक हजार वर्षों तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में कलचुरी वंश का वैभवशाली शासन रहा। इस गौरवशाली विरासत को संजोते हुए कलार समाज आज शिक्षा, कृषि, व्यापार, व्यवसाय और विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने समाज की एकजुटता, परिश्रम और सामाजिक समरसता की भावना की प्रशंसा की।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। सरकार गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी का महाअभियान प्रारंभ हो चुका है। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है और चरण पादुका योजना पुनः प्रारंभ की गई है। 5.5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन कर चुके हैं।
बस्तर में शांति और विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा देने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए पीएम आवास योजना के अंतर्गत 15 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से छह हजार से अधिक आवासों का निर्माण किया जा रहा है।
पीएम जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, सेवा डेरा, स्वस्थ बस्तर योजना के अंतर्गत 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और 40 हजार से अधिक लोगों को उपचार, अग्रणी बस्तर अभियान की भी उन्होंने जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार में लगभग दो हजार करोड़ रुपये की दो बड़ी सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनसे लगभग 80 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ हुए समझौते के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को दो गाय उपलब्ध कराने तथा दूध खरीदी की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 38 विभागों की 900 से अधिक सेवाएं और 6 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री और अन्य नेताओं ने भी किया संबोधित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश की 70 हजार से अधिक मितानिन बहनों को मितानिन दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि कलार समाज और जनजातीय समाज के बीच सदियों से आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता और भाईचारे की परंपरा रही है।
कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री ने धनोरा पहुंचकर सबसे पहले स्थानीय आराध्य खण्डा डोकरा आंगा देव की पूजा-अर्चना कर जनजातीय समाज की आस्था के प्रति सम्मान प्रकट किया। केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने बताया कि लंबे समय से लंबित विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा 32 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाने से इसका निर्माण पूर्ण हो सका है।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम, बस्तर आईजी श्री बी.एन. मीणा, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, कलार समाज बस्तर संभाग के अध्यक्ष श्री कमल किशोर कश्यप सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।


