मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करना होगा : CM साय

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करना होगा : CM साय

November 23, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 23 नवंबर 2026 // मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के लिए सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। इनका उन्मूलन केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा। मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के विरुद्ध सामूहिक संकल्प लेकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा अत्यंत संवेदनशील विषय हैं, जिनका सीधा संबंध महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और उनके भविष्य से है। इन विषयों पर विचार-विमर्श के लिए न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक संगठनों के अनुभवी प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाना सराहनीय पहल है। उन्होंने राज्य महिला आयोग के इस प्रयास की प्रशंसा की।

‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे शास्त्रों में कहा गया है, ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’, अर्थात जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल शासन का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जशपुर का अनुभव साझा किया

मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले जशपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी। सरकार, पुलिस, महिला आयोग और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से इस समस्या में कमी आई है। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी के अनेक मामलों में परिचित व्यक्ति ही नौकरी या बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर बेटियों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए परिवारों और समाज में जागरूकता तथा सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि वे पिछले 30-35 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। लगभग 20 वर्षों तक सांसद के रूप में दिल्ली में रहने के दौरान मानव तस्करी के अनेक मामले उनके सामने आए। ऐसे मामलों में पहल कर कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग किया।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए संस्थागत व्यवस्था मजबूत

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं, जहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

महिलाओं और बेटियों की सहायता के लिए 24 घंटे संचालित महिला हेल्पलाइन नंबर 181 तथा आपातकालीन सहायता नंबर 112 की व्यवस्था है। महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए प्रदेश में महिला थानों की संख्या बढ़ाई गई है और पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘अभिव्यक्ति ऐप’ के माध्यम से महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज कराने के साथ सुरक्षा संबंधी जानकारी भी प्राप्त कर सकती हैं।

महतारी वंदन से 68 लाख महिलाएं लाभान्वित, 14 लाख बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। महतारी वंदन योजना की 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और वर्तमान में 68 लाख से अधिक माताएं-बहनें इससे लाभान्वित हो रही हैं। प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि ग्रामीण महिलाओं के लिए बड़ा संबल बनी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लखपति दीदी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसरों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यशाला की वास्तविक सार्थकता तभी होगी, जब यहां हुए विचार-विमर्श और प्राप्त सुझावों को व्यवहार में उतारकर महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित तथा सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जाएगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी एवं सुश्री दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।