बाल आश्रम में गांधी स्मृति संगोष्ठी, सांसद बोले — गांधी को सिर्फ 2 अक्टूबर को याद करना काफी नहीं

बाल आश्रम में गांधी स्मृति संगोष्ठी, सांसद बोले — गांधी को सिर्फ 2 अक्टूबर को याद करना काफी नहीं

November 23, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 23 नवंबर 2026 // महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ आगमन की स्मृति पर रविवार को रायपुर कचहरी चौक स्थित बाल आश्रम में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। आयोजन आश्रम समिति एवं पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की इतिहास अध्ययनशाला और राष्ट्रीय विद्यालय बाल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर सूत की माला अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

मुख्य अतिथि सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज का दिन सौभाग्य का दिन है। नई और पुरानी पीढ़ी गांधी जी के कार्यों को भूलती जा रही है। आज हम जो खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह गांधी जी की देन है। गांधी जी को केवल 2 अक्टूबर को याद करने से काम नहीं चलेगा, उनके कार्यों को भी याद करना होगा। उनका सपना था कि गांव सशक्त हों।

23 नवंबर 1933 के बाल आश्रम आगमन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि संस्था करोड़ों की नहीं, अरबों की मालिक है। यहां रहने वाले असहाय एवं विपन्न बालकों के लिए ऐसी शिक्षा की व्यवस्था होनी चाहिए कि यहां प्रवेश के लिए भी लोग एप्रोच लगाएं।

रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कहा कि 1933 में गांधी जी बाल आश्रम आए थे। देश को आजाद कराने में उनकी अहम भूमिका थी। सुदृढ़ भारत का निर्माण ग्राम स्वराज्य और जनजागृति से ही होगा। उन्होंने महिलाओं को आगे आने और युवाओं को नौकरी के पीछे न भागकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। बाल आश्रम को उन्होंने तीर्थ स्थल और पवित्र स्थान बताया।

रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने गांधी जी के कृतित्व को याद किया। सुशील त्रिवेदी ने कहा कि अगर समाज को बदलना है तो राजनीति से हटकर समाज सेवा करनी होगी। गांधी जी ने जीवन में एक ही सिद्धांत अपनाया था — जो बोला, सो किया। गोकुल दास डागा ने बताया कि जब गांधी जी रायपुर आए थे, तब वे बहुत छोटे थे और गांधी जी डागा परिवार के वाहन से ही धमतरी गए थे।

कार्यक्रम में रिसर्च स्कॉलर ने रिसर्च पेपर पढ़ा। प्रो. आभा रूपेंद्र पाल एवं डॉ. डी.एन. खुटे द्वारा संपादित पुस्तक ‘गांधी विमर्श’ का विमोचन किया गया। अंत में मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल ने रिसर्च स्कॉलर को प्रमाण पत्र प्रदान किया। संचालन प्रो. किशोर कुमार अग्रवाल ने किया।