भाठागांव सब्जी बाजार आवंटन में धांधली का आरोप
September 21, 2026भाठागांव के नए सब्जी बाजार दुकान आवंटन में भारी अनियमितता, एक ही परिवार को 3-4 दुकानें, व्हाइटनर लगे कागजों से आवंटन का आरोप, व्यापारियों ने की निष्पक्ष जांच और पुनः आवंटन की मांग
रायपुर। राजधानी रायपुर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 61 भाठागांव में नवनिर्मित सब्जी बाजार के दुकान आवंटन में भारी अनियमितता और धांधली का आरोप लगा है। स्थानीय सब्जी व्यापारियों और वार्डवासियों ने आवंटन प्रक्रिया को अपारदर्शी बताते हुए निष्पक्ष जांच और नए सिरे से आवंटन की मांग की है।
बता दें कि भाठागांव का यह नया सब्जी बाजार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लगभग 1 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से बनाया गया था, ताकि स्थानीय व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान मिल सके। लेकिन आवंटन में स्थानीय और वर्षों से व्यवसाय कर रहे व्यापारियों को दरकिनार करने का आरोप है।
इस मामले को लेकर व्यापारियों ने पूर्व पार्षद सतनाम सिंह पनाग एवं वार्ड क्रमांक 61 के छाया पार्षद ब्रम्हा सोनकर से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखी।
पूर्व पार्षद सतनाम सिंह पनाग ने कहा कि यह बाजार भाठागांव के सब्जी व्यापारियों के लिए ही बनाया गया है, जो वर्षों से इसी व्यवसाय से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, लेकिन आवंटन में मिलीभगत साफ नजर आ रही है और कई वास्तविक व्यापारियों को जगह नहीं मिली है।
छाया पार्षद ब्रम्हा सोनकर ने बताया कि व्यापारियों में भारी नाराजगी है। मुख्य अनियमितताएं इस प्रकार हैं-
1. एक ही परिवार के 3-3, 4-4 लोगों को दुकान/स्थान आवंटित कर दिया गया है।
2. वार्ड के बाहर के लोगों को भी दुकानें दी गई हैं।
3. बाजार में चिन्हांकित जगहों का साइज एक समान नहीं है, किसी को 8 फीट, किसी को 6 फीट तो किसी को 4 फीट जगह दी गई है।
4. आवंटन से संबंधित कागजों में व्हाइटनर लगाए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
व्यापारियों की प्रमुख मांगें –
- भाठागांव के वास्तविक और पुराने सब्जी व्यापारियों को प्राथमिकता दी जाए।
- एक परिवार से एक ही व्यक्ति को दुकान आवंटित की जाए।
- आधार कार्ड, वोटर आईडी सहित सभी दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए।
- सभी व्यापारियों को समान आकार का स्थान दिया जाए।
- आवंटन प्रक्रिया व्यापारियों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से और जरूरत पड़ने पर लॉटरी सिस्टम से की जाए।
- बाहरी लोगों को किए गए आवंटन और सभी दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
छाया पार्षद ने कहा कि यदि अनियमितता पाई जाती है तो वर्तमान आवंटन को निरस्त कर नए सिरे से सर्वे कर पारदर्शी आवंटन किया जाना चाहिए।
इस मामले को लेकर पीड़ित सब्जी व्यापारी कल सुबह 11 बजे नगर निगम कमिश्नर और मेयर से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, वार्ड अध्यक्ष टीकम सोनकर, राजा यादव, रूपेश सोनकर, करन सोनकर सहित बड़ी संख्या में सब्जी व्यापारी, वार्ड की माताएं-बहनें एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

