नवा रायपुर में खुलेगा IHCL का Ginger Hotel, 111 कमरों वाला होटल होगा विकसित
September 10, 2026रायपुर, 10 सितंबर 2026
नवा रायपुर अटल नगर अब सिर्फ प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि देश के प्रमुख बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी डेस्टिनेशन के रूप में भी उभर रहा है। इसी कड़ी में नवा रायपुर के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को एक बड़ी सौगात मिली है। देश की अग्रणी हॉस्पिटैलिटी कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने नवा रायपुर में अपने लोकप्रिय ब्रांड Ginger Hotel की स्थापना की घोषणा की है।
111 कमरों वाला यह होटल ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए IHCL ने ECHT Ventures के साथ साझेदारी की है।
मुख्यमंत्री बोले- निवेशकों के विश्वास का प्रमाण
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि नवा रायपुर में IHCL जैसी प्रतिष्ठित कंपनी का आना छत्तीसगढ़ के प्रति बढ़ते निवेशक विश्वास और नवा रायपुर की बढ़ती राष्ट्रीय पहचान का प्रमाण है।
उन्होंने कहा, “राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक, सुविधायुक्त और निवेश के अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। देश-विदेश से आने वाले निवेशकों, उद्यमियों और पर्यटकों के लिए बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं का विस्तार नवा रायपुर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा। नवा रायपुर अब निवेश, शिक्षा, रोजगार और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन रहा है।”
वित्त मंत्री ने कहा- विश्वस्तरीय सुविधाओं की नई कड़ी
वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि Ginger Hotel का आगमन नवा रायपुर के तेजी से विकसित हो रहे बिजनेस इकोसिस्टम को नई मजबूती देगा।
उन्होंने कहा, “विश्वस्तरीय संस्थानों और कॉर्पोरेट गतिविधियों के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण हॉस्पिटैलिटी की मांग बढ़ी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि यहां निवेश करने वाले उद्यमियों और प्रतिनिधियों को एक आधुनिक और सुविधाजनक इकोसिस्टम मिले। Ginger जैसी प्रतिष्ठित ब्रांड की परियोजना नवा रायपुर की बदलती तस्वीर को रेखांकित करती है।”
क्या होंगी सुविधाएं
प्रस्तावित Ginger Nava Raipur को बिजनेस और लेज़र ट्रैवलर्स दोनों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाएगा। होटल में –
- 111 आधुनिक और विशाल कमरे
- Ginger का सिग्नेचर ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट Qmin
- अत्याधुनिक मीटिंग रूम
- फिटनेस सेंटर
इस होटल के शुरू होने से नवा रायपुर में बिजनेस मीटिंग, कॉन्फ्रेंस और पर्यटन के लिए विश्वस्तरीय आवास सुविधा उपलब्ध होगी।

