सेवा संकल्प अभियान जनकल्याण और जनभागीदारी का व्यापक अभियान बने : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय,, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, आम नागरिक को मिलेगा प्रत्यक्ष लाभ

सेवा संकल्प अभियान जनकल्याण और जनभागीदारी का व्यापक अभियान बने : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय,, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, आम नागरिक को मिलेगा प्रत्यक्ष लाभ

September 10, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 10 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनकल्याण और जनभागीदारी का व्यापक अभियान बने। अभियान के हर कार्यक्रम के केंद्र में आम नागरिक और उसकी जरूरतें होनी चाहिए।

आज मंत्रालय में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को अभियान की नियमित समीक्षा और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए।

सेवा सेतु शिविरों में मौके पर होगा निराकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत चयनित गांवों में स्वास्थ्य शिविरों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर लाभ दिया जाएगा। शिविर स्थलों पर आवेदन काउंटर लगेंगे और प्राप्त आवेदनों की डिजिटल मॉनिटरिंग होगी। जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव नहीं होगा, उनकी साप्ताहिक समीक्षा कर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिविर से पहले ही पात्र हितग्राहियों की पहचान कर ली जाए।

रोजगार मेलों से युवाओं को अवसर

मुख्यमंत्री ने कौशल विकास विभाग के रोजगार मेलों को भी इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। युवाओं से आवेदन लेकर उन्हें रोजगार से जोड़ने और शिविरों में ही नियुक्ति पत्र प्रदान करने को कहा।

आंगन मिलन और पोषण पर विशेष जोर

‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, ‘मेरी पौष्टिक थाली’, चित्रकला प्रतियोगिता, न्योता भोज और फल-मिठाई वितरण होगा। पोषण चौपालों में माता-पिता की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और महतारी वंदन योजना से लाभान्वित होकर उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के निर्देश दिए गए।

शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में चित्रकला, भाषण और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां होंगी। विशेष उपलब्धि प्राप्त दिव्यांग बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। आंगनबाड़ियों में बच्चों के लिए खिलौने उपलब्ध कराने में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

स्वच्छता, रक्तदान और पर्यावरण से जुड़ेगी जनता

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत रक्तदान, प्लास्टिक मुक्त अभियान, स्वच्छता, नदी घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण सहित 25 से अधिक गतिविधियां होंगी। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को भी इससे जोड़ा जाएगा। कार्यक्रमों के बाद स्वच्छता बनी रहे, इसके लिए स्थानीय समितियां गठित होंगी।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत 2.5 करोड़ पौधों का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। जल संरचनाओं और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक वृक्षारोपण होगा। 17 अक्टूबर को इसका समापन कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है। इस वर्ष प्रदेश में 2.5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान की सार्थकता तभी है जब स्वास्थ्य शिविर में जरूरतमंद को उपचार मिले, पात्र परिवार योजनाओं से जुड़े, युवाओं को रोजगार मिले और स्वच्छता व पर्यावरण में समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़े।

बैठक में मुख्य सचिव श्री विकास शील, अपर मुख्य सचिव श्री मनोज पिंगुआ, श्रीमती ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, सचिव श्री पी. दयानंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।