10-11 सितंबर को 50वां भादों अमावस्या मेला, रानी सती मंदिर होगा भव्य रूप से सुसज्जित
September 8, 2026रायपुर। राजा तालाब स्थित श्री रानी सती मंदिर में इस वर्ष भादों अमावस्या का 50वां भव्य मेला श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। 10 और 11 सितंबर 2026 को दो दिवसीय इस धार्मिक उत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री किशोर डोलिया ने बताया कि स्वर्ण जयंती वर्ष होने के कारण इस बार मंदिर की सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके लिए कोलकाता से 21 अनुभवी कलाकारों की टीम रायपुर पहुंच चुकी है।
51 हजार रुद्राक्ष और 81 हजार सुनहरी मौली से सजेगा मंदिर
मंदिर की सजावट में लगभग 51,000 रुद्राक्ष के दाने, रंग-बिरंगी कच्चे धागे की मौली, 81,000 सुनहरी और रजत रंग की मौली से बने गिलास-कटोरी की आकृतियां और लाल, पीले, नीले, सफेद स्टोन का उपयोग किया जा रहा है। इन्हें लाल एक्रेलिक शीट, रेशमी गोटे और कोलकाता के कुम्हारटोली की प्रसिद्ध चलचित्र कला से सुसज्जित किया जा रहा है। दादी जी के मंडप को दक्षिण भारतीय मंदिर स्थापत्य शैली में सजाया जा रहा है।
भगवान शिव के मंडप को ताजे फूलों, हरी पत्तियों और थर्माकोल से बनी शिव आकृति से, जबकि हनुमान जी के मंडप को रेशमी गोटों और फूलों से अलंकृत किया जा रहा है। दादी माँ के पावन त्रिशूल का भव्य श्रृंगार भी विशेष आकर्षण रहेगा।
51 सवामणि और छप्पन भोग होगा मुख्य आकर्षण
मेले के प्रथम दिन 10 सितंबर को दादी जी को अर्पित की जाने वाली 51 सवामणि विशेष आकर्षण रहेगी। इसमें बूंदी, चिड़वा का विश्वप्रसिद्ध पेड़ा, ताजे मौसमी फल और विभिन्न मेवों सहित प्रसाद शामिल रहेगा। मंदिर समिति द्वारा पूरी सवामणि की व्यवस्था श्रद्धा के साथ करवाई जाएगी और पूजा के बाद प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
दो दिवसीय कार्यक्रम का विवरण:
10 सितंबर 2026, गुरुवार
- प्रातः 11:00 बजे – पंचामृत स्नान एवं ध्यान
- संध्या 7:00 बजे – दादी जी के श्रृंगार दर्शन
- रात्रि 8:30 बजे – ज्योति पूजन
- रात्रि 9:00 बजे – भजन संध्या एवं रात्रि जागरण
- रात्रि 1:00 बजे – छप्पन भोग प्रसाद वितरण, इसके बाद प्रभाती आरती तक भजन उत्सव (प्रातः 4 बजे तक)
भजन संध्या में कोलकाता के अभिषेक गर्ग, नामिश राजगढ़िया और अयोध्या के पप्पू सांवरिया व स्मृति कक्कड़ भजनों की प्रस्तुति देंगे।
11 सितंबर 2026, शुक्रवार
- प्रातः 7:00 बजे – जात-धोक पूजन
- अपराह्न 2:00 बजे से – मंगल पाठ
- संध्या 5:00 बजे से – भजन संध्या एवं भादों अमावस्या मेला
- रात्रि 9:30 बजे – छप्पन भोग प्रसाद वितरण एवं महाआरती
दूसरे दिन कोलकाता के सुप्रसिद्ध भजन गायक पंकज शर्मा जोशी सहित अन्य कलाकार भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे।
मंदिर समिति के प्रचार-प्रसार प्रभारी श्री कैलाश अग्रवाल ने बताया कि हजारों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए दर्शन, पूजा, प्रसाद, पेयजल, सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। समिति ने सभी नगरवासियों से परिवार सहित दर्शन लाभ लेने और आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

