नुआखाई शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, लगभग 35 हजार गांडा समाजजनों ने दिखाया दमखम

नुआखाई शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, लगभग 35 हजार गांडा समाजजनों ने दिखाया दमखम

September 8, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। नुआखाई शोभायात्रा संचालन समिति, गांडा समाज रायपुर के तत्वावधान में आयोजित नुआखाई शोभायात्रा में लगभग 35 हजार समाजजनों की भीड़ उमड़ी। महिला, पुरुष, युवा और बच्चों की बड़ी संख्या में भागीदारी ने शोभायात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच समाजजनों ने उत्साहपूर्वक अपनी संस्कृति और एकजुटता का प्रदर्शन किया।

शोभायात्रा की शुरुआत राजेंद्र नगर स्थित बूढ़ी माता मंदिर से हुई। यहां से शोभायात्रा कैनाल रोड, गौरव पथ, नगर घड़ी चौक और महिला थाना होते हुए इनडोर स्टेडियम पहुंची। पूरे मार्ग में गांडा बाजा और ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देती रही। समाजजन पारंपरिक अंदाज में नाचते-गाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।

शोभायात्रा के दौरान समलेश्वरी माई, बूढ़ी माता, छत्तीसगढ़ महतारी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं कोसली भाषा के प्रसिद्ध अंतराष्ट्रीय लोक कलाकार सर्वेश्वर भोई जी की लोक प्रस्तुति ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित करते हुए मंत्रमुग्ध कर किया।

इनडोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में रघुचंद निहाल जी ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।

समापन अवसर पर श्रीमती ईश्वरी प्रदीप छत्री ने आभार व्यक्त करते हुए शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समाजजनों, अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, महिला एवं युवा साथियों तथा प्रशासन के प्रति आभार जताया।

करीब 35 हजार समाजजनों की भागीदारी ने नुआखाई शोभायात्रा 2026 को यादगार बना दिया। विशाल जनभागीदारी के जरिए गांडा समाज ने अपनी एकता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जागरूकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।