करणी कृपा प्लांट में लगातार हादसे चिंताजनक, आखिर मजदूरों की जान की जिम्मेदारी कौन लेगा? मानिक साहू
November 27, 2026
संपादक मनोज गोस्वामी
पांच मजदूरों के गंभीर रूप से झुलसने पर किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जताई चिंता, शासन-प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
महासमुंद 27 नवंबर 2026// तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खैरझिटी-कौंवाझर स्थित करणी कृपा पावर स्टील प्लांट में एक बार फिर हुए गंभीर औद्योगिक हादसे ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 24 नवंबर की रात भट्ठी की सफाई के दौरान गर्म गम डस्ट अचानक पांच मजदूरों के ऊपर गिर गया, जिससे पांचों मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को रायपुर के कालड़ा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां बर्न यूनिट में उनका उपचार जारी है।
इस घटना पर महासमुंद जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मानिक साहू ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और राज्य शासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने तथा जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मानिक साहू ने कहा कि करणी कृपा प्लांट में लगातार हो रही दुर्घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। आखिर कब तक मजदूर अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते रहेंगे? किसी औद्योगिक संस्थान में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं, तो यह जांच का गंभीर विषय है कि प्लांट में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं और औद्योगिक सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि इस प्लांट को लेकर ग्रामीणों ने शुरुआत से ही विरोध जताया था। ग्रामीणों की आशंकाओं और विरोध के बावजूद प्लांट संचालित होता रहा, लेकिन अब लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंताओं को और गंभीर बना दिया है।

गौरतलब है कि सितंबर 2024 में प्लांट में हुए हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलसे थे। उपचार के दौरान भरत वर्मा और खिलेश्वर साहू की मौत हो गई थी। इसके बाद जनवरी 2025 में मिक्सचर मशीन की चपेट में आने से एक नाबालिग श्रमिक की जान चली गई। मार्च 2025 में भी प्लांट में झुलसने की घटनाएं सामने आई थीं। इन अलग-अलग हादसों में अब तक चार श्रमिकों की मौत हो चुकी है। वहीं ताजा दुर्घटना में पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मानिक साहू ने प्रशासन से मांग की है कि प्लांट की औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था, भट्ठियों के संचालन, सफाई प्रक्रिया, मजदूरों को उपलब्ध कराए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों और श्रम कानूनों के पालन की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जांच पूरी होने तक मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था और उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मजदूर किसी उद्योग की उत्पादन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी जिंदगी की कीमत किसी भी औद्योगिक उत्पादन से कम नहीं हो सकती। प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि बार-बार हादसों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं हुआ और अब तक क्या कार्रवाई की गई है। मानिक साहू ने कहा कि अब केवल आश्वासन और औपचारिक जांच से काम नहीं चलेगा। मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है।




