अवैध कबाड़ पर पुलिस का बड़ा छापा, 8 टन माल जब्त

अवैध कबाड़ पर पुलिस का बड़ा छापा, 8 टन माल जब्त

November 27, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 27 नवंबर 2026 // रायपुर कमिश्नरेट उत्तर जोन पुलिस ने अवैध कबाड़ के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 कबाड़ियों के ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। इस दौरान लगभग 8 टन अवैध स्क्रैप जब्त किया गया।

डीसीपी उत्तर जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन तथा एडीसीपी श्री आदित्य पांडे और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना उरला एवं थाना खमतराई पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने थाना उरला क्षेत्र के 08 कबाड़ियों और थाना खमतराई क्षेत्र के 12 कबाड़ियों के ठिकानों पर सघन जांच की। इसमें से उरला के 6 और खमतराई के 4 कबाड़ियों से बिना वैध दस्तावेज के रखा गया करीब 08 टन माल जब्त किया गया।

पुलिस द्वारा सभी कबाड़ी संचालकों से स्क्रैप खरीदी-बिक्री के वैध दस्तावेज, रजिस्टर एवं लाइसेंस की जांच की जा रही है। बिना दस्तावेज के चोरी का माल खरीदने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।

उत्तर जोन पुलिस ने कहा है कि कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इस तरह का सघन अभियान जारी रहेगा।