खरोरा मार्ग पर दो अलग-अलग सड़क हादसे, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार दुर्घटनाग्रस्त,हादसे में सांसद के हाथ में फ्रैक्चर, एम्स में भर्ती – गनमैन और चालक भी घायल
November 27, 2026रायपुर, 27 नवंबर // रायपुर-खरोरा मार्ग पर शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कई लोग घायल हो गए। इनमें एक हादसे में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सांसद के हाथ में चोट आई है और फ्रैक्चर होने की जानकारी है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सांसद लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौट रही थीं। इसी दौरान खरोरा के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। कार में सांसद के अलावा उनके बेटे, गनमैन और चालक सहित चार लोग सवार थे। दुर्घटना में गनमैन और चालक को भी चोटें आई हैं।
इसी मार्ग पर कुछ देर पहले एक अन्य सड़क हादसा हुआ था। रायपुर से खरोरा जा रही कार और खरोरा से रायपुर की ओर आ रहे ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में भी कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसों के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

