सरकार पेंड्रावन जलाशय बेचकर किसानों के साथ अत्याचार कर रही – कांग्रेस

सरकार पेंड्रावन जलाशय बेचकर किसानों के साथ अत्याचार कर रही – कांग्रेस

November 27, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 27 नवंबर 2026 // ऐतिहासिक पेंड्रावन जलाशय जिसे बंगोली बांध के नाम से भी जाना जाता है, उसके कैचमेंट एरिया में खनन परियोजना को दी गई अनुमति पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी जलाशय बचाने के लिए आंदोलनरत किसान संघर्ष समिति के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि बांध के ऊपरी क्षेत्रों में खनन की अनुमति देने का निर्णय क्षेत्र के किसानों और पर्यावरण के लिए घातक है। डबल इंजन सरकार में ही वर्ष 2017 में भी इसी जलाशय के कैचमेंट क्षेत्र में खनन की कोशिश की गई थी। उस समय विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस ने स्थानीय किसानों के साथ मिलकर सड़क से लेकर विधानसभा के सदन तक जोरदार संघर्ष किया था, जिसके दबाव में तत्कालीन सरकार को निजी सीमेंट कंपनी को खनन संबंधी जारी एनओसी रद्द करनी पड़ी थी।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब 2017 में एलओआई की समयावधि खत्म हो चुकी है तो 2025 में माइनिंग लीज आखिर किस आधार पर जारी किया गया?

हजारों किसानों की जीवनरेखा है बंगोली बांध

सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि बंगोली बांध हजारों किसानों की जीवनरेखा है, आसपास के गांवों के मवेशियों के लिए पानी का आसरा है। सौ साल से अधिक पुराना पेंड्रावन जलाशय क्षेत्र के 14 गांवों के हजारों किसानों के लगभग 6,000 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई का मुख्य आधार है। इसके अतिरिक्त, यह बांध आसपास के लगभग 50 गांवों में भू-जल स्तर, वाटर रिचार्ज को बनाए रखने का सबसे बड़ा प्राकृतिक स्रोत है। सरकार निजी उद्योगों को मुनाफा पहुंचाने के लिए किसानों के हितों को अनदेखा कर रही है।

डैम सेफ्टी बोर्ड की चेतावनी को किया नजरअंदाज

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बांधों की सुरक्षा और स्थिति के आकलन के लिए गठित डैम सेफ्टी बोर्ड ने 4 मई 2025 की रिपोर्ट में स्पष्ट चेतावनी दी थी। अपनी तकनीकी रिपोर्ट में बोर्ड ने कहा है कि यदि जलाशय के कैचमेंट एरिया में खनन गतिविधियां संचालित होती हैं, तो बांध के अस्तित्व को बचाना असंभव होगा।

इसके बावजूद उच्च स्तरीय समिति की आड़ में तकनीकी सुरक्षा मानकों और बोर्ड की आपत्तियों को दरकिनार कर गुपचुप तरीके से दोबारा एनओसी जारी कर दी गई। स्थानीय किसानों के व्यापक विरोध और पर्यावरणीय खतरे को नजरअंदाज करते हुए निजी सीमेंट कंपनी के पक्ष में अनुशंसा कर दी गई, जो सरकार और उद्योगपतियों की सीधी मिलीभगत को दर्शाता है।

सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि प्रदेश में खनिज विभाग स्वयं मुख्यमंत्री के पास है। डैम सेफ्टी बोर्ड की स्पष्ट चेतावनी और पूर्व में रद्द की जा चुकी एनओसी के बावजूद, वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा 1722 एकड़ क्षेत्र में पुनः खनन की अनुमति देना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

सरकार प्रदेश की जनता और प्रभावित किसानों को यह स्पष्ट करे कि हजारों अन्नदाताओं की आजीविका और क्षेत्र के जल-स्रोत को निजी उद्योगों के मुनाफे के लिए संकट में क्यों डाला जा रहा है? यदि राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से इस खनन परियोजना की एनओसी और अनुमति को निरस्त नहीं किया, तो कांग्रेस किसान संघर्ष समिति के साथ मिलकर इस मुद्दे पर व्यापक जन-आंदोलन छेड़ेगी।