करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री ने दी 71.48 करोड़ के 694 विकास कार्यों की सौगात, रघुनाथनगर में वाड्रफनगर उप पंजीयक कार्यालय, मंगल भवन और विद्युत सब स्टेशन की घोषणा, रकसगंडा बनेगा पर्यटन केंद्र

करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री ने दी 71.48 करोड़ के 694 विकास कार्यों की सौगात, रघुनाथनगर में वाड्रफनगर उप पंजीयक कार्यालय, मंगल भवन और विद्युत सब स्टेशन की घोषणा, रकसगंडा बनेगा पर्यटन केंद्र

November 27, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 27 नवंबर 2026 // मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव हमारी लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का जीवंत प्रतीक है। हमारी सरकार इन गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय अंचलों में विकास की नई संभावनाओं को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री श्री साय आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत रघुनाथनगर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित करमा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को 71 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

कई बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत रघुनाथनगर एवं बरतीकला में मंगल भवन निर्माण, ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना तथा प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण रकसगंडा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की घोषणा की। वाड्रफनगर का अधूरा नगर वन पार्क भी पूरा किया जाएगा।

लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन तथा चान्दो में तहसील कार्यालय भवन सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।

किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता मिलेगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान करती है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों को असुविधा न हो, इसके लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिन किसानों की उपज प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम है, उन्हें भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण प्रदेश की समृद्धि का आधार है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है।

वृद्धजन क्लिनिक का शुभारंभ, मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। ‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ के ध्येय के साथ शुरू किए गए इस क्लिनिक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक पंजीयन काउंटर, चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। क्लिनिक में जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर तथा आयुष चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत शिरोधारा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने सेवाभाव से कार्य कर रहे सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया।

कुपोषण के विरुद्ध ‘बालभोग’ नवाचार

कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि बच्चों में कुपोषण दूर करने के उद्देश्य से जिले में ‘बालभोग’ नवाचार प्रारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं। पोषण सखियां घर-घर पहुंचकर कुपोषित बच्चों को अपने सामने इनका सेवन कराती हैं तथा बच्चों की पोषण संबंधी प्रगति का नियमित रिकॉर्ड संधारित करती हैं।

कार्यक्रम में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणी महाराज, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते, पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।