ढाई साल पुराने हत्या के मामले में खमतराई पुलिस को बड़ी सफलता, हेल्पर की गमछे से गला घोंटकर हत्या करने वाला फरार चालक गिरफ्तार*
November 27, 2026ढाई साल पुराने हत्या के मामले में खमतराई पुलिस को बड़ी सफलता, हेल्पर की गमछे से गला घोंटकर हत्या करने वाला फरार चालक गिरफ्तार*
रायपुर, 27 नवंबर 2026 // थाना खमतराई पुलिस ने लगभग ढाई वर्ष पुराने हत्या के प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी चालक राकेश टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने ही वाहन के हेल्पर की गमछे से गला घोंटकर हत्या की थी और शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया था।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले द्वारा पुराने लंबित मर्ग एवं अपराधों की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में डीसीपी क्राइम श्री स्मृतिक राजनाला एवं डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में थाना खमतराई के जून 2024 के इस पुराने प्रकरण की पुनः समीक्षा की गई। विवेचना में उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों का बारीकी से विश्लेषण करने के बाद थाना खमतराई पुलिस टीम एवं एसीसीयू रायपुर की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
क्या था पूरा मामला
प्रकरण के अनुसार, दिनांक 22.06.2024 को कमल साहू ने थाना खमतराई में सूचना दी कि उनका पुत्र संतोष साहू दिनांक 21.06.2024 की शाम घर से निकला था, जो वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह संतोष साहू का शव मेन रोड, चटर्जी कॉम्प्लेक्स, बंजारी मंदिर के पास राममंदिर-बिलासपुर रोड किनारे मिला।
सूचना पर थाना खमतराई में मर्ग कायम कर जांच की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु गला दबाने से होना पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 302 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
माल लेकर गए थे, रास्ते में हुआ विवाद
विवेचना के दौरान ज्ञात हुआ कि मृतक संतोष साहू, वाहन मालिक हरीश साहू के अशोक लीलैंड छोटा हाथी क्रमांक CG-04-PG-8385 में हेल्पर का काम करता था तथा आरोपी राकेश टोप्पो उक्त वाहन का चालक था। दिनांक 21.06.2024 को दोनों वाहन से माल लेकर मंगलम ट्रांसपोर्ट, उरकुरा गए थे। वहां से वापस लौटते समय दोनों के बीच विवाद हुआ था।
विवेचना में प्राप्त गवाहों के कथनों एवं आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर सामने आया कि विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर गमछे से संतोष साहू का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को वाहन से उतारकर सड़क किनारे छोड़ दिया और वहां से फरार हो गया।
साक्ष्यों के विश्लेषण से खुला राज
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार पुराने लंबित मर्ग एवं अपराधों की समीक्षा के दौरान इस प्रकरण में पूर्व में संकलित गवाहों के कथनों, तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी एवं प्रयास करते हुए आरोपी राकेश टोप्पो की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य प्राप्त किए गए। विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 201 भादवि भी जोड़ी गई।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी –
राकेश टोप्पो पिता स्व. इसादोर टोप्पो, उम्र 23 वर्ष, निवासी बंगारी नगर, राममंदिर क्षेत्र, थाना खमतराई, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
उक्त कार्रवाई में थाना खमतराई पुलिस टीम तथा एसीसीयू रायपुर की टीम का विशेष योगदान रहा।


