राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विजयादशमी उत्सव हर्षोल्लास से संपन्न…पथ संचलन में पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश, नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत..

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विजयादशमी उत्सव हर्षोल्लास से संपन्न…पथ संचलन में पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश, नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत..

November 1, 2026 0 By Central News Service

महासमुंद, 30 अक्टूबर 2026// राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, शहीद सरदार भगत सिंह जी बस्ती, महासमुंद (वार्ड क्रमांक 13, 14, 19 एवं 20) द्वारा प्रतिवर्षानुसार विजयादशमी उत्सव का भव्य आयोजन पुराना मंडी परिसर, गंजपारा, महासमुंद में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिक एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न हुआ। प्रथम चरण में दोपहर 2:30 बजे स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण हुआ, जिसके पश्चात अनुशासित पथ संचलन निकाला गया। पथ संचलन पुरानी मंडी मैदान स्थित संघ स्थान से प्रारंभ होकर उत्कल बिंदल, हनुमान मंदिर, गुरुद्वारा साहिब रोड, लोहिया चौक, मेघ बसंत कॉलोनी, एफसीआई मोड़ एवं माता काली मंदिर रोड से होते हुए पुनः संघ स्थान पर पहुंचकर संपन्न हुआ। घोष की धुन के साथ पूर्ण गणवेश में निकले स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में सायं 3:30 बजे मुख्य सभा आयोजित की गई। सभा में कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री रमेश पाहूजा जी एवं मुख्य वक्ता श्री गुलाब जी मंचासीन रहे।

मुख्य वक्ता श्री गुलाब जी ने अपने उद्बोधन में ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को जीवन में चरितार्थ करने का आह्वान किया। उन्होंने विजयादशमी पर्व के महत्व तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की राष्ट्र साधना पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रहित, सामाजिक एकता एवं समर्पण की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।

वहीं, अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री रमेश पाहूजा जी ने सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं तथा संघ के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिक एवं नगर के गणमान्य बंधु सपरिवार उपस्थित रहे। अंत में कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।