स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. वामन राव लाखे की 154वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई,, स्कूली प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राएं पुरस्कृत

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. वामन राव लाखे की 154वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई,, स्कूली प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राएं पुरस्कृत

September 17, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। शिक्षा प्रचारक समिति द्वारा संचालित महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय एवं वामन राव लाखे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, सहकारिता के जनक एवं शिक्षाविद पंडित वामन राव लाखे जी की 154वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व अध्यक्ष, निजी विश्वविद्यालय नियामक आयोग, रायपुर श्री अंजनी कुमार शुक्ला, लोक गायक श्री दिलीप सारंगी, शिक्षाविद एवं ट्रस्टी श्री अजय तिवारी, श्री अनिल तिवारी, ट्रस्टी आर.के. गुप्ता, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी, वामन राव लाखे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य डॉ. भारती यादव, प्राचार्य श्रीमती मंजू साहू, श्रीमती आशा सहित दोनों संस्थानों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्री अंजनी कुमार शुक्ला ने अपने उद्बोधन में कहा कि पं. लाखे जी विराट व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने गरीब किसानों की सहायता के लिए कानूनी लड़ाइयाँ लड़ीं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से प्रभावित होकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उन्होंने कई पत्र-पत्रिकाओं का संपादन कर नेतृत्व प्रदान किया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा स्थापित शैक्षणिक संस्थाएं आज भी निरंतर शिक्षा के प्रसार में कार्यरत हैं। उन्होंने जिला सहकारी बैंक और बलौदा बाजार में किसान राइस मिल की स्थापना की। बाल गंगाधर तिलक से प्रेरित होकर वे विदेशी वस्त्र बहिष्कार आंदोलन और होम रूल आंदोलन का हिस्सा बने। हमें उनकी जीवनी से प्रेरणा लेनी चाहिए।

लोक गायक दिलीप सारंगी ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि वे ऐसे शिक्षण संस्थान से जुड़े हैं जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वामन राव लाखे जी को समर्पित है। शिक्षाविद अजय तिवारी और अनिल तिवारी ने भी लाखे जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके कार्यों को प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की शिक्षिका डॉ. किरण अग्रवाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने किया।

प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित

समारोह के दौरान विद्यालय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

  • चित्रकला: हुसैन, निराला, पायल विश्वकर्मा, चेतन सोना, सौम्या ठाकुर, गौहर परवीन, जाह्नवी बारिक
  • बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट: अफरीदी कुमारी, जरीना बानो, जरीन खान, चंचल सोना
  • निबंध: जितेश कुमार चंद्रवंशी, यशी देवांगन
  • रंगोली: कुमारी तरवीन, पायल विश्वकर्मा, अल्फिया, हर्षिका, पायल मारकंडे, जाह्नवी बारिक