रायपुर में गांडा समाज ने मनाया नुआखाई मिलन, एक-दूसरे को दी बधाई
September 14, 2026*
नुआखाई केवल परंपरा नहीं, हमारी अस्मिता और एकता का महापर्व है – अधिवक्ता भगवानू नायक
रायपुर, 14 सितंबर 2026
गांडा समाज के सबसे बड़े सांस्कृतिक एवं पारंपरिक महापर्व नुआखाई के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़, ओडिशा और देश के विभिन्न हिस्सों में हर्षोल्लास का माहौल है। पर्व की पूर्व संध्या पर आज सिविल लाइन, रायपुर में समाज के वरिष्ठजनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलन कार्यक्रम आयोजित कर एक-दूसरे को “नुआखाई जुहार” की अग्रिम बधाई दी।
परंपरानुसार आज समाज के घरों के मुखिया उपवास रखकर संध्या के समय अपने देवी स्थल ‘पीदर’ में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे और पूर्वजों को नुआखाई पर्व में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे।
मिलन कार्यक्रम में समाज के केंद्रीय नेता एवं सामाजिक न्याय कार्यकर्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने कहा –
“नुआखाई हमारी केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी अस्मिता, हमारी मेहनत, हमारे पूर्वजों के संघर्ष और सामाजिक एकता का महापर्व है।”
उन्होंने कहा कि गांडा समाज मूलतः गरीब, मजदूर, मेहनतकश और श्रमवीर समाज रहा है। पूर्वजों ने कठिन परिस्थितियों में भी श्रम और स्वाभिमान को नहीं छोड़ा, आज उसी मेहनत के बल पर समाज शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और नेतृत्व के क्षेत्र में प्रगति की नई इबारत लिख रहा है।
नायक ने समाज से आह्वान किया कि इस नुआखाई पर केवल नया अन्न ही नहीं, नई सोच और नए संकल्प को भी ग्रहण करें। “हम संकल्प लें कि समाज में शिक्षा की क्रांति लाएंगे, बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाएंगे, युवाओं को नशे से दूर रखेंगे, महिलाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ाएंगे और अंतिम पंक्ति में खड़े परिवार को भी मुख्यधारा से जोड़ेंगे।”
उन्होंने कहा कि समाज को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के संदेश को आत्मसात कर संविधान के रास्ते पर आगे बढ़ना होगा।
इस अवसर पर सभी ने आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में नुआखाई मनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बालेश्वर सोना, राधे दुर्गा, कृष्ण बाघ, प्रदीप सोनी, वैष्णव भत्रिया, टंकधर दीप, भास्कर नायक, सचिन बघेल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
अंत में अधिवक्ता भगवानू नायक ने नुआखाई पर्व पर दिनांक 15 सितंबर 2026 को अवकाश घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी का लाखों समाजजनों की ओर से विशेष आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

