प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका सशक्त : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
September 14, 2026रायपुर, 13 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक विश्वसनीय और प्रभावशाली शक्ति के रूप में उभरा है। वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता और 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12-13 सितंबर को आयोजित हो रहा 18वां BRICS शिखर सम्मेलन प्रत्येक भारतवासी के लिए गौरव का अवसर है। भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार BRICS की अध्यक्षता ग्रहण की है। इस वर्ष की अध्यक्षता की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” वैश्विक सहयोग, नवाचार और सतत विकास को नई दिशा देगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल अपने राष्ट्रीय हितों को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है, बल्कि विकासशील देशों और ग्लोबल साउथ की आकांक्षाओं को भी वैश्विक मंचों पर सशक्त स्वर दे रहा है। भारत का नेतृत्व ग्लोबल साउथ की आवाज को और मजबूती प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने आतंकवाद के विरुद्ध वैश्विक मंचों पर सदैव स्पष्ट और दृढ़ रुख रखा है। साथ ही डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI), वित्तीय समावेशन और तकनीक के माध्यम से जनसामान्य के जीवन में बदलाव का भारत का मॉडल आज दुनिया के लिए प्रेरणा बन रहा है। BRICS जैसे मंच इन अनुभवों और विकास की संभावनाओं को साझा करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका देश और राज्यों के लिए निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार और रोजगार के नए अवसर लेकर आ रही है। विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को भारत की BRICS अध्यक्षता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भारत का नेतृत्व वैश्विक सहयोग को मजबूत करने, ग्लोबल साउथ को सशक्त बनाने और साझा समृद्धि के नए मार्ग प्रशस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

