विश्वकर्मा पूजा महोत्सव 2026 के शुभ अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ..
September 13, 2026
संपादक मनोज गोस्वामी
रायपुर 13 सितंबर 2026// विश्वकर्मा पूजा महोत्सव 2026 के पावन अवसर पर दीप प्रज्वलित कर चेतक कला प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शिल्प एवं कला के देवता भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभागियों की रचनात्मकता, कला-कौशल और प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद लेकर कला एवं हुनर के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संकल्प लिया। विश्वकर्मा समाज के तत्वावधान में समाज के बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी प्रतिभा को मंच देने के लिए एक दिवसीय खेलकूद एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

सृजनात्मकता और कला का प्रदर्शन
प्रतियोगिता की शुरुआत चित्रकला स्पर्धा से हुई, जिसमें बच्चों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र, पर्यावरण संरक्षण, ‘विकसित भारत’ और सामाजिक विषयों पर बेहद खूबसूरत और प्रेरणादायक कलाकृतियां बनाईं। बच्चों के रंगों और कूची के जादू ने वहां मौजूद सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर श्री विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा, पूजा समिति के अध्यक्ष अखिलेश विश्वकर्मा समाज के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी नन्हे-मुन्ने बच्चों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका हौसला बढ़ाया गया। समाज के अध्यक्ष ने सफल आयोजन के लिए सभी स्वयंसेवकों, अभिभावकों और बच्चों का आभार व्यक्त किया।




