रायपुर में गुरुकुल कन्या विद्यालय का शाला प्रवेश उत्सव धूमधाम से संपन्न बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा रहीं मुख्य अतिथि, नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर किया स्वागत
July 1, 2026रायपुर | लक्ष्मीनारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुरुकुल परिसर, कालीबाड़ी रोड में सोमवार को शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन गुरुकुल प्रेक्षागृह में किया गया।
मुख्य अतिथि की उपस्थिति
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में भातखण्डे ललितकला शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री तरल मोदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष श्री अजय तिवारी ने की।
अन्य गणमान्य अतिथि
इस अवसर पर समिति की सचिव श्रीमती शोभा खंडेलवाल, गुरुकुल महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. श्रीमती संध्या गुप्ता और कमलादेवी संगीत महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती आरती सिंह विशेष रूप से मौजूद रहीं। पालक समिति से अध्यक्ष श्री हेमकरन देवांगन, उपाध्यक्ष श्रीमती गौरी सोनकर और श्री ईंधन कलिहारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस तरह हुआ स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत, वंदन और अभिनंदन के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा गहोई ने स्वागत भाषण और प्रतिवेदन प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का स्वागत किया।
नवप्रवेशी विद्यार्थियों का अतिथियों ने तिलक लगाकर और मुँह मीठा कराकर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें कॉपी, पुस्तक और पेन भी वितरित किए गए। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथि डॉ. शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने आशीर्वचन और उद्बोधन दिए। अतिथियों का शाल और श्रीफल से सम्मान किया गया।
कार्यक्रम संचालन
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका सादिका सुल्ताना सिद्दीकी ने किया। विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, कर्मचारी और अध्ययनरत छात्राओं की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

