युवा बड़े सपने देखें, अपनी सफलता को समाज और राष्ट्र की सेवा से जोड़ें: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
October 22, 2026रायपुर, 22 अक्टूबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि युवा बड़े सपने देखें, अपने विचारों को व्यापक बनाएं और अपनी सफलता को समाज एवं राष्ट्र की सेवा से जोड़ें। राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जहां कभी आतंक का अंधेरा था, वहां आज विकास का उजियारा फैल रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि नुआखाई मिलन केवल सांस्कृतिक समारोह नहीं, बल्कि समृद्ध परंपराओं, आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता का उत्सव है। अन्न का सम्मान, किसानों के योगदान को स्वीकार करना और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने युवाओं से कहा कि ज्ञान के साथ विनम्रता, महत्वाकांक्षा के साथ नैतिकता और सफलता के साथ सेवा-भाव जोड़ें। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और महिलाओं की समान भागीदारी आवश्यक है।
राष्ट्रपति का जीवन बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मु का जीवन देश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ओडिशा के छोटे से गांव से देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा जनजातीय और ग्रामीण अंचलों के लिए प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवा शक्ति को केंद्र में रखा गया है। गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेन्द्रगढ़ और कवर्धा में 5 नए मेडिकल कॉलेज, नवा रायपुर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, 6 लाख विद्यार्थियों को AI प्रशिक्षण, 100 करोड़ का स्टार्टअप फंड और अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण जैसे कदम उठाए गए हैं।
2,548 लोगों ने किया रक्तदान
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान महाकुंभ में 2,548 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें 1,188 महिलाएं शामिल थीं।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि नुआखाई सामाजिक एकता और सेवा भावना का पर्व है। स्वस्थ, शिक्षित, संस्कारित और सेवाभावी युवा ही विकसित राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा, दयालदास बघेल, गुरु खुशवंत साहेब, सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

