प्लांट एंड कटिंग स्वैप’ कार्यक्रम सफल, अब हर माह होगा हरित आयोजन

प्लांट एंड कटिंग स्वैप’ कार्यक्रम सफल, अब हर माह होगा हरित आयोजन

June 28, 2026 0 By Central News Service

रायपुर | प्रकृति की ओर सोसायटी की ओर से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए गांधी उद्यान, बापू की कुटिया में ‘प्लांट एंड कटिंग स्वैप’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के बागवानी प्रेमियों की भारी उपस्थिति के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

पौधों और ज्ञान का हुआ आदान-प्रदान
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने पौधों की कटिंग, बीज और जैविक खाद का आपस में स्वैप किया। एग्लोनिमा, स्नेक प्लांट, कैलेडियम, गुलाब, चंपा, पपीता, जरबेरा, कोलियस, कैक्टस, सक्कुलेंट, सदाबहार, जेड सहित कई दुर्लभ और आम पौधों का वितरण किया गया।

वरिष्ठ कृषि विशेषज्ञ डॉ. विजय जैन ने कार्यक्रम में बागवानी की बारीकियां समझाईं। उन्होंने बताया कि नई कटिंग लगाने का सही समय तब है जब वातावरण में लगभग 70% आर्द्रता हो और कम से कम दो बार अच्छी बारिश हो चुकी हो। डॉ. जैन ने शेवंती और गेंदा की कटिंग लगाने की विधि भी विस्तार से बताई और प्रतिभागियों की बागवानी से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया।

मिलीबग से बचाव की टिप्स भी मिलीं
सोसायटी की प्रभारी मनीषा त्रिवेदी ने गुड़हल के पौधों में लगने वाली मिलीबग की समस्या और उसके जैविक उपचार के बारे में जानकारी साझा की, जिसे बागवानों ने काफी उपयोगी बताया।

अब हर महीने लगेगा हरियाली का मेला
सोसायटी के अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी ने घोषणा की कि शहरवासियों के उत्साह को देखते हुए इस तरह के आयोजन अब हर महीने किए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग प्रकृति से जुड़ सकें और अपने बगीचे समृद्ध बना सकें।

कार्यक्रम का मंच संचालन राम खटवानी ने किया। इस दौरान शिल्पी नागपुरे, लक्ष्मी यादव, सुधा गोहिल, श्यामली मालाकर, सुधा केसरवानी, कुसुम नथानी, नागेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में सोसायटी के सदस्य उपस्थित रहे