कमल विहार की समस्याओं को लेकर नागरिकों ने RDA  घेरा, कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

कमल विहार की समस्याओं को लेकर नागरिकों ने RDA घेरा, कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

June 22, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 22 जून 2026: कमल विहार (कौशल्या माता विहार) के सैकड़ों नागरिकों ने मूलभूत समस्याओं से परेशान होकर सोमवार को रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) कार्यालय का घेराव किया। पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता शेख शकील और युवा नेता डॉ. नेहाल खान के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने RDA अध्यक्ष और अधिकारियों से मुलाकात कर जल्द समाधान की मांग की।

प्रमुख मांगें: बगीचे, सफाई और स्ट्रीट लाइट
नागरिकों का आरोप है कि पूरे कमल विहार में सार्वजनिक गार्डन तो बनाए गए हैं, लेकिन एक भी विकसित या हरा-भरा नहीं है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल महिलाओं ने मांग रखी कि गार्डनों में पेड़-पौधे लगाए जाएं, बच्चों के लिए झूले-फिसल पट्टी हो और बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था की जाए। साथ ही खाली पड़ी गार्डन की जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जे हटाकर वहां ‘सार्वजनिक उद्यान’ का बोर्ड लगाने की मांग भी की गई।

इसके अलावा सेक्टरों में पेयजल की कमी, साफ-सफाई न होने से लगे कचरे के ढेर, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत चालू करने और मकान नक्शा पास करने के नाम पर सिर्फ कर वसूली का मुद्दा भी उठाया गया। नागरिकों ने RDA के खाली पड़े बड़े प्लॉट पर सामुदायिक भवन बनाने की मांग भी रखी।

जर्जर मुखर्जी आवासीय कॉलोनी पर आक्रोश
श्यामा प्रसाद मुखर्जी आवासीय कॉलोनी की जर्जर हालत पर नागरिकों ने गहरा आक्रोश जताया। बताया गया कि बिल्डिंग की छत-दीवारें जर्जर हैं, अंदर-बाहर के प्लास्टर गिर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि जर्जर बिल्डिंग गिरती है तो पूरी जिम्मेदारी RDA की होगी। साथ ही जिन इलाकों में नालियां नहीं हैं, वहां गंदे पानी की निकासी के लिए तुरंत नालियां बनाने की मांग की गई। इस पर RDA अध्यक्ष ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अल्टीमेटम: समाधान नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन
प्रतिनिधिमंडल ने साफ कहा कि यदि बताई गई सभी समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो सैकड़ों नागरिकों के साथ RDA का घेराव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

ये रहे मौजूद: प्रतिनिधिमंडल में सुरेश साहू, जाहिर अहमद खान, बबला भाई, प्रणव वर्मा, फहीम खान, पुष्पा बुनकर, आलसी बाई, अर्पणा गुप्ता, रुकसाना खान, फरहत खान, प्रकाश सोनी, हुमायूं खान, सलमान खान समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक शामिल थे।