रायपुर में “योग लेजेंड्स” समारोह में 51 योग गुरुओं का सम्मान, एरोबैटिक योग और संगीत ने बांधा समां
June 22, 2026रायपुर, 22 जून 2026
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार शाम रायपुर के मैग्नेटो मॉल में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और छत्तीसगढ़ योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में “योग लेजेंड्स” समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर मीनल चौबे और विशिष्ट अतिथि पार्षद अनामिका सिंह रहीं।
51 योग गुरुओं का हुआ सम्मान
समारोह में प्रदेश के 51 योग विशेषज्ञों और गुरुओं को योग को जन जन तक पहुंचाने के लिए शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
एरोबैटिक योग और संगीत बना आकर्षण
पेशेवर योग साधकों ने एरोबैटिक योग और पार्टनर योग का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। हवा में संतुलन बनाते हुए किए गए जटिल आसनों पर मॉल तालियों से गूंज उठा। सेलिब्रिटी सिंगर धीरज की भजनों और गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। कार्यक्रम के अंत में लकी ड्रा के विजेताओं को उपहार भी दिए गए।
वक्ताओं ने दिया योग का संदेश
चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि योग ऋषियों की अमूल्य धरोहर है। स्वस्थ व्यापारी वर्ग से ही राज्य और देश प्रगति करेगा। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, राधा किशन सुंदरानी और जसप्रीत सिंह सलूजा ने कहा कि यह समारोह स्वस्थ छत्तीसगढ़ की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
योगासना स्पोर्ट्स के अध्यक्ष गोस्वामी जयंत विष्णु भारती और सचिव डॉ मेजर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में योग खेल के प्रति आकर्षण बढ़ेगा।
महापौर मीनल चौबे ने “करें योग रहें निरोग” का नारा देते हुए योग अपनाने पर जोर दिया। पार्षद अनामिका सिंह ने महिलाओं के लिए योग की महत्ता बताई। ब्रह्माकुमारी दीदी ने योग को मन, आत्मा और परमात्मा का मिलन बताया।
ये रहे मौजूद
मंच संचालन अनिल जोतसिंघानी ने किया। कार्यक्रम प्रभारी राधाकिशन सुंदरानी, राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा और संयोजक दिलीप इसरानी व मनीष प्रजापति रहे। इस दौरान सरल मोदी, मोहनलाल तेजवानी, कपिल दोशी, महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ ईला गुप्ता सहित बड़ी संख्या में चेम्बर पदाधिकारी और व्यापारी उपस्थित थे।

