रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ध्यान-योग साधना का आयोजन, आचार्य डॉ. शिव मुनि जी ने बताया योग-ध्यान का महत्व

रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ध्यान-योग साधना का आयोजन, आचार्य डॉ. शिव मुनि जी ने बताया योग-ध्यान का महत्व

June 22, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 21 जून 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को रायपुर के श्री लाल गंगा पटवा भवन, टैगोर नगर में भव्य ध्यान-योग साधना का आयोजन किया गया। भारत के 13 चयनित केंद्रों में रायपुर को भी स्थान मिलने पर श्री संघ ने इसे परम सौभाग्य बताया।

प्रातः 6:00 से 9:00 बजे तक चले इस कार्यक्रम का आयोजन ध्यानगुरु आत्मज्ञानी सदगुरुदेव आचार्य सम्राट पूज्य डॉ. श्री शिवमुनि जी महाराज के दिव्य सानिध्य एवं नेपाल केसरी राष्ट्र संत श्री मणिभद्र मुनि जी महाराज साहब आदि ठाणा के दिव्य निश्रा में हुआ। कार्यक्रम में रायपुर श्रमण संघ अध्यक्ष अशोक पटवा, ध्यान योग साधना के प्रांतीय अध्यक्ष संदीप बैद सहित लगभग 70-80 साधकों ने भाग लिया। आयोजन में डॉ. अनिल एवं मौलिक कर्णावट का विशेष सहयोग रहा।

आचार्य डॉ. शिव मुनि जी ने दिया उद्बोधन
विश्व योग दिवस पर साधकों को संबोधित करते हुए आचार्य डॉ. शिव मुनि जी ने कहा, “शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग जरूरी है, वहीं आत्म कल्याण और 84 लाख जीव योनि के जन्म-मरण से मुक्ति के लिए ध्यान की गहराई में जाना आवश्यक है। ध्यान जीवन में समता लाता है और दृष्टि को उत्कृष्ट बनाता है।” उन्होंने सभी से सोते, उठते और भोजन के बाद प्रतिदिन ध्यान करने की प्रेरणा दी तथा पूरे विश्व में शांति और मंगल मैत्री की प्रार्थना की।

रोजाना साधना का लिया संकल्प
मोना जैन ने योग साधना को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। इस पर डॉ. अनिल कर्णावट, मोना जैन, गुलाब रायसोनी सहित कई सदस्यों ने रायपुर में विराजमान पुनीत मुनि जी महाराज साहब के सानिध्य में नियमित साधना करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा संघ और श्रावक संघ का विशेष योगदान रहा। अंत में संघ की ओर से सभी साधकों के लिए स्वादिष्ट नवकारसी की व्यवस्था की गई।