योग से स्वस्थ राष्ट्र का संकल्प: महंत कॉलेज में मना अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

योग से स्वस्थ राष्ट्र का संकल्प: महंत कॉलेज में मना अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

June 21, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 21 जून: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में शनिवार को योग विभाग, एन.सी.सी., एन.एस.एस. तथा खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योगासन व प्राणायाम का अभ्यास किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एन.सी.सी. गर्ल्स बटालियन की अधिकारी महुआ भट्टाचार्य रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण जीवन में योग व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनाता है। उन्होंने युवाओं से योग के माध्यम से स्वस्थ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने योग को केवल शारीरिक व्यायाम न बताते हुए स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार बताया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

योग शिक्षक प्रिया वर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा उनके शारीरिक व मानसिक लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योगाभ्यास करने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में योग विभाग, एन.सी.सी., एन.एस.एस. और खेल विभाग का विशेष योगदान रहा।