लालटेन युग की वापसी? बिजली दरों पर कांग्रेस का 440 वोल्ट हमला

लालटेन युग की वापसी? बिजली दरों पर कांग्रेस का 440 वोल्ट हमला

June 20, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 20 जून 2026: छत्तीसगढ़ में बिजली बिल की बढ़ती दरों और स्मार्ट मीटर से हो रही परेशानियों के खिलाफ कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर सीधा हमला बोला है। पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय ने शुक्रवार को पोस्टर विमोचन कर साय सरकार को घेरा।

पोस्टरों पर लिखे नारे बेहद तीखे हैं — ‘‘ये बिजली परान ले लेही, बीजेपी ने दिया 440 का झटका‘‘, ‘‘बीजेपी, बिजली और बिल साय सरकार में सब बेड फिल’’ और ‘‘चैन से सोना है तो जाग जाओ, बिजली नहीं लालटेन जलाओ’’। निवेदक के रूप में बीजेपी सरकार का नाम लिखा गया है।

विकास उपाध्याय ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से अनाप-शनाप बिल आ रहे हैं। लो वोल्टेज और अघोषित कटौती से जनता त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिलता था, जिसे बीजेपी सरकार ने खत्म कर दिया। अब महंगाई के दौर में उपभोक्ता दोगुना बिल कैसे भरेगा?

कांग्रेस का दावा: पिछली सरकार में बिजली बिल हाफ योजना से हर घर में लाखों की बचत हुई थी। छत्तीसगढ़ सरप्लस बिजली वाला राज्य था, आज वहीं के लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं।

उपाध्याय ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द स्मार्ट मीटर नहीं हटाए और दरें कम नहीं कीं तो कांग्रेस सड़क पर उतरेगी। उन्होंने जनता से भी अपील की — ‘‘अपने हक की लड़ाई के लिए मैदान में आना होगा’’

कांग्रेस के ये पोस्टर अब राजधानी के बिजली दफ्तरों और शहरों में चस्पा किए जाएंगे।