पुरुषोत्तम मास में श्री जैतू साव मठ में रोपे गए 11 फलदार वृक्ष, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पुरुषोत्तम मास में श्री जैतू साव मठ में रोपे गए 11 फलदार वृक्ष, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

June 9, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, पुरानी बस्ती। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री जैतू साव मठ परिसर, पुरानी बस्ती में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत 11 फलदार वृक्षों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान और धार्मिक पुण्य अर्जन को बढ़ावा देना रहा।

इस दौरान आम, अमरूद, जामुन और नींबू सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे लगाए गए। उपस्थित जनों ने रोपे गए सभी पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में महेंद्र अग्रवाल, अजय तिवारी, सुमित तिवारी, उज्जवल ठाकुर, सौरभ मिश्र, दीपक पाठक और संदिप उपाध्याय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने वृक्षारोपण को समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण योगदान बताया और नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि सनातन धर्म में पुरुषोत्तम मास अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। शास्त्रों के अनुसार इस माह में किए गए दान, सेवा, जप, तप और वृक्षारोपण का फल कई गुना बढ़कर मिलता है। फलदार वृक्ष लगाने से पर्यावरण संरक्षण के साथ जीव-जंतुओं, पक्षियों और मानव समाज को भी दीर्घकालिक लाभ मिलता है।

कार्यक्रम का समापन प्रकृति संरक्षण के संदेश के साथ हुआ। सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।