छत्तीसगढ़ में चल रहा एक्सपायरी दवाईयों का व्यापार….अमानक दवा के चलते छत्तीसगढ़ की महिला, बच्चे, युवा एवं बुजुर्ग के स्वास्थ्य पर गहरा असर- विकास उपाध्याय
June 9, 2026संपादक मनोज गोस्वामी
रायपुर 09 जून 2026// पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय ने छत्तीसगढ़ की जनता के स्वास्थ्य से हो रहे खिलवाड़ पर निराशा व्यक्त करते हुये कहा कि जिस प्रकार छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार मध्यप्रदेश में प्रतिबंधित एजेंसी से दवाई खरीदी कर रही है जो लगातार अमानक निकल रही है, यह बहुत ही शर्म की बात है।
उपाध्याय ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर करारा प्रहार करते हुये कहा कि साय सरकार के आने के बाद से ही छत्तीसगढ़ में एक्सपायरी दवाओं का खेल शुरू हो गया है। लेकिन बड़ी चिंता का विषय है कि छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक अधिकारियों के रहते इसकी जानकारी तब ज्यादा वायरल हुई जब विगत् माह राजधानी में एक्सपायरी दवाओं का भण्डाफोड़ हुआ।
उपाध्याय ने पूर्व वर्ष 2025 में भी सीजीएमएससी द्वारा सप्लाई की जा रही कैल्शियम की 6500 से 7000 यूनिट दवाईयों के खराब स्थिति में पाये जाने पर सवाल उठाये थे। लेकिन इसकी जाँच पड़ताल गहराई से नहीं किये जाने के कारण आज पूरे छत्तीसगढ़ में एक्सपायरी दवा का व्यापार चलाया जा रहा है। विगत् दिनों ही छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में दुर्गूकोंदल सामुदायिक स्वास्थय केन्द्र में मरीजों को समय सीमा समाप्त (एक्सपायरी) हो चुकी दवाईयों के वितरण की गंभीर लापरवाही की घटना हुई।

उपाध्याय ने कहा कि अमानक दवा के चलते छत्तीसगढ़ की महिला, बच्चे, युवा एवं बुजुर्ग के स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ रहा है। जिसका उदाहरण प्रदेश के कई युवा हार्ट अटैक से जान गंवा भी रहे हैं तथा बच्चों के विकास, महिलाओं के शारीरिक स्वास्थ्य एवं बुजुर्गों के उपचार में ऐसी अमानक दवाईयों का बुरा असर होते नजर आ रहा है। लेकिन छत्तीसगढ़ के स्वास्थय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी की सरकार अपने में मस्त हैं, उन्हें प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य की कोई चिंता ही नहीं है जिस प्रकार देश के प्रधानमंत्री जी विदेशों का दौरा मात्र कर रहे हैं उसी प्रकार प्रदेश की साय सरकार भी सुशासन तिहार की आड़ में गांव-गांव, शहर-शहर दौरा बस कर करते नजर आ रहे हैं।
उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जनता भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुकी है इस सरकार में अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं और भाजपा के नेता, मंत्री, विधायक ऐसे अधिकारियों से सांठ-गांठ कर जनता को लूट रहे हैं और उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। विगत् माह राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित हमर अस्पताल में एक्सपायरी दवा के मामले में छापेमारी की गई थी। जहां पर अस्पताल में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयों का जखीरा मिला था और वहीं सीजीएमएससी के वेयरहाउस में भी एक्सपायरी दवाओं का जखीरा मिला था।
उपाध्याय ने कहा कि यदि ऐसी दवाई नवजात शिशुओं को जो उनके पोषण दुरूस्त करने के लिये दिये जाते हैं उसे खिलाई जायेगी तो उन बच्चों पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा ये तो सभी समझ सकते हैं। उपाध्याय पहले से ही बार-बार दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही की मांग कर रहे हैं लेकिन छत्तीसगढ़ में सरकार की पूर्ण संलिप्तता के कारण कोई कार्यवाही नहीं हो रही। यदि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनता का हित नहीं कर पा रही तो उनके स्वास्थ्य के साथ क्यों खिलवाड़ कर रही है? उपाध्याय ने कहा कि जनता के साथ अन्याय करने वाली छत्तीसगढ़ की भारतीय जनता पार्टी की सरकार को तत्काल इस्तिफा दे देना चाहिये।


