रायपुर में विश्व पर्यावरण दिवस पर स्काउट-गाइड ने किया पौधारोपण, “पेड़ लगाओ भविष्य बचाओ” का दिया संदेश
June 5, 2026रायपुर, 5 जून 2026
भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ रायपुर द्वारा आज जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष श्री जी. स्वामी जी, जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री हिमांशु भारतीय जी के आदेशानुसार और जिला सचिव श्री मृत्युंजय शुक्ला जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री जी. स्वामी ने कहा कि प्रकृति को संतुलित बनाए रखना और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा देना हम सबकी जिम्मेदारी है। पौधारोपण इस दिशा में सबसे शक्तिशाली और प्रेरणादायक कदम है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री हिमांशु भारतीय ने कहा, “प्रकृति को बचाना हमारा कर्तव्य है। पौधारोपण को हमें एक उत्सव की तरह मनाना चाहिए। हम अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पृथ्वी को स्वच्छ रखेंगे और हरियाली की रक्षा करेंगे। पेड़ों को बचाना ही हमारी रक्षा करना है।”
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने “पेड़ लगाओ भविष्य बचाओ” के नारे के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस मौके पर जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट श्री गोपाल राम वर्मा, पूर्व राज्य प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट श्री टी.के.एस. परिहार, श्री उदय मधुसूदन मुकादम, जिला संगठन आयुक्त स्काउट श्री हेमंत शुक्ला, डॉ. लक्ष्मी नायक, जिला संगठन आयुक्त गाइड डॉ. सांत्वना ठाकुर, संयुक्त सचिव श्रीमती लीना वर्मा, श्रीमती अपर्णा तिवारी, श्रीमती मेनका निषाद, श्रीमती सविता भारत सहित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


