मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ को जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी..11 से 17 अक्टूबर तक गांव-गांव में महिलाओं को उनके अधिकार, कानूनों के प्रति करेगा जागरूक.. 

मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ को जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी..11 से 17 अक्टूबर तक गांव-गांव में महिलाओं को उनके अधिकार, कानूनों के प्रति करेगा जागरूक.. 

October 11, 2022 0 By Central News Service

 महासमुंद 11 अक्टूबर 2022/ मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ (झांकी) को ग्राम पंचायत बेलसोंडा में अध्यक्ष जिला पंचायत उषा पटेल और महिला आयोग की सदस्य अनिता रावटे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास समीर पांडेय मौजूद थे।

यह रथ 11 से 17 अक्टूबर तक जिले के सभी विकासखण्डों के रूटचार्ट अनुसार गांवों में जाकर महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों और कानूनों की जानकारी देकर जागरूक करने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाएगा।


मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ राज्य महिला आयोग के माध्यम से संचालित की जा रही है। यह रथ सभी जिलों के गांव-गांव तक भ्रमण कर लोगों को शॉर्ट फिल्मों, संदेशों और ब्रोशर के माध्यम से महिलाओं को कानूनी प्रावधानों एवं उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में अवगत कराएगा। रथ में बड़ी एलईडी स्क्रीन में छत्तीसगढ़ी और हिन्दी में विभिन्न कानूनों से संबंधित राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत लघु फिल्मों के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है।


बतादें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हरेली 28 जुलाई 2022 को अपने आवास परिसर से इस रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह रथ ‘‘बात हे अभिमान के, महिला मन के सम्मान के’’ सूत्र वाक्य के साथ रवाना हुआ। प्रथम चरण में मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ प्रदेश के रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार-भाटापारा होते हुए महासमुंद आया है।

यह रथ महासमुंद जिले में कल 12 अक्टूबर को मामाभांचा, खल्लारी, बागबाहरा, तेन्दूकोना, 13 अक्टूबर को पिथौरा, लाखागढ़, संकरा एवं टेका, 14 अक्टूबर को बसना, पौंसरा, भूकेल एवं सिंघनपुर, 15 अक्टूबर को सरायपाली, बैतारी एवं चट्टीगिरोला, 16 अक्टूबर को पाटसेन्द्री, केंदुवा एवं बोड़ेतरा और 17 अक्टूबर को झलप, पटेवा, तुमगांव से होते हुए घोड़ारी पहुंचेगा।