नवा रायपुर में बनेगा छत्तीसगढ़ चेम्बर का नया भवन, दीपावली बाद होगा भूमिपूजन
October 24, 2026रायपुर, 24 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नए भवन को लेकर गुरुवार शाम बाम्बे मार्केट स्थित देवी लाल व्यापार उद्योग भवन में बैठक आयोजित हुई। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने की।
बैठक में बताया गया कि शासन द्वारा नवा रायपुर सेक्टर-24 में नए चेम्बर भवन के लिए भूमि आबंटित की गई है। रजिस्ट्री और 30 वर्ष की लीज का भुगतान चेम्बर द्वारा कर दिया गया है। नए भवन का ले-आउट तैयार हो चुका है।
वरिष्ठों ने दिए सुझाव
वरिष्ठ सदस्यों ने ले-आउट पर सुझाव दिए। संरक्षक बलदेव सिंह भाटिया ने कहा कि भविष्य के लिए 6-7 करोड़ की FD होनी चाहिए। शिवराज भंसाली ने थौरानी के कार्यकाल की सराहना की। संतोष जैन, विजय मुकीम और राजेन्द्र जग्गी ने पार्किंग, ऑडिटोरियम स्टाइल निर्माण और कमरों की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया।
प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने सभी के सुझावों के लिए आभार जताया और कहा कि फाइनल संशोधन के बाद दीपावली के बाद जल्द ही भूमिपूजन किया जाएगा।
बैठक में संरक्षक पूरनलाल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।

