
केंद्रीय विद्यालय महासमुंद में हिंदी दिवस पर हिंदी पखवाड़े की शुरूआत..
September 15, 2022महासमुंद 15 सितंबर 2022/ 14 सितंबर 2022 को केंद्रीय विद्यालय महासमुंद में हिंदी दिवस व हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में प्रभारी प्राचार्य सुरेश कुमार सिंह व सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पूजन अर्चन व पुष्प अर्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा बारहवीं के छात्र अक्षत जैन ने अपने कविता के माध्यम से लोगों को हिंदी भाषा को गर्व से अपनाने पर बल दिया। तत्पश्चात विद्यालय की हिंदी शिक्षिका श्रीमती तुकेश्वरी निषाद ने अपने वक्तव्य में कहा कि यदि हमें अपने देश का विकास करना है तो सर्वप्रथम हमें अपनी संस्कृति व हिंदी भाषा का विकास करना होगा।

तत्पश्चात विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सुरेश कुमार सिंह ने हिंदी दिवस पर अपने आशीर्वचन के अंतर्गत बताया कि हमें अपने मातृभाषा के महत्व को समझते हुए भाषायी कौशल का विकास करना होगा और हिंदी के विकास हेतु कार्य करने होंगे तथा साथ में हमें अंतर्राष्ट्रीय भाषा का भी सम्मान करना होगा। इसी के साथ उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं बच्चों को राजभाषा के विकास के लिए शपथ भी दिलवाया गया।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी शिक्षक घनश्याम साहू के द्वारा किया गया तथा उन्होंने 14 से 29 सितंबर तक होने वाले गतिविधियों थी रूपरेखा भी बताई। इसके अंतर्गत सुलेख, पोस्टर मेकिंग, हिंदी कविता लेखन व कविता वाचन, नारा लेखन, व्याकरण आधारित प्रश्नोत्तरी, शब्द चिंतन, निबंध लेखन, कहानी लेखन, रचनात्मक लेखन, हिंदी में आशु भाषण प्रतियोगिता, आत्म परिचय लेखन व आलेख लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन संपूर्ण पखवाड़े के दौरान किया जाएगा तथा इसी तारतम्य में शिक्षक शिक्षिकाओं के लिए भी राजभाषा ज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया जाएगा।

अंत में विद्यालय के शिक्षक ओमप्रकाश चंद्राकर के द्वारा आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी गरिमामय उपस्थिति प्रदान कर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।



