राहुल गांधी को व्यापारियों का पत्र, 1 नवंबर की महारैली टालने की मांग
October 24, 2026नई दिल्ली,रायपुर/ 24 अक्टूबर 2026। कांग्रेस की 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली पर व्यापारियों ने आपत्ति जताई है। दिल्ली के व्यापारी संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर रैली को स्थगित करने की मांग की है।
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने पत्र में रैली को भैया दूज यानी 10 नवंबर के बाद करने का अनुरोध किया है।
धनतेरस पर 25 हजार करोड़ का कारोबार
पत्र में लिखा है कि धनतेरस 6 नवंबर को है, दीपावली 8 नवंबर को और भैया दूज 10 नवंबर को है। व्यापारी एक हफ्ते पहले से ही तैयारी शुरू कर देते हैं। धनतेरस पर सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, ऑटोमोबाइल, प्रॉपर्टी समेत सभी सेक्टर में करीब 25 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होता है, जो दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
पहले ही 3 हजार करोड़ का नुकसान
CTI ने दावा किया कि अक्टूबर में कनॉट प्लेस, इंडिया गेट और सेंट्रल दिल्ली में लगातार रैलियों और रास्ते बंद होने से व्यापारियों को लगभग 3 हजार करोड़ का नुकसान हो चुका है। थोक बाजारों में माल आना बंद हो गया था।
संगठन ने कहा कि रामलीला मैदान के 5 किमी के दायरे में चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, भागीरथ पैलेस, खारी बावली, कश्मीरी गेट, किनारी बाजार, करोल बाग, आजाद मार्केट जैसे ऐतिहासिक बाजार हैं, जहां से पूरे भारत में माल जाता है। रैली के कारण ट्रैफिक डायवर्जन और बैरिकेडिंग से इनका काम पूरी तरह ठप्प हो जाएगा।

