उरला पुलिस का बड़ा कमाल, महज 10 घंटे में दूसरे जिले से सकुशल बरामद कीं दो अपहृत नाबालिग बालिकाएं
November 27, 2026रायपुर // थाना उरला पुलिस ने मात्र 10 घंटे के भीतर दो अपहृत नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलाया है। तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र की मदद से जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा क्षेत्र से दोनों बालिकाओं को बरामद किया गया।
थाना उरला में दो नाबालिग बालिकाओं के अपहरण के संबंध में अपराध क्रमांक 615/2026 एवं 616/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध होने पर पुलिस द्वारा तत्काल विशेष टीम गठित कर पतासाजी प्रारंभ की गई।
डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप द्वारा तत्काल टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उनके नेतृत्व में एडीसीपी श्री आदित्य पांडे एवं एसीपी उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री सुधांशु बघेल की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए मात्र 10 घंटे में दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।
थाना उरला क्षेत्र से दो नाबालिग बालिकाओं के लापता होने की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस ने बिना समय गंवाए तकनीकी सहायता, आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पतासाजी शुरू की। टीम ने प्राप्त सूचनाओं एवं तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण करते हुए संभावित स्थानों पर लगातार जानकारी जुटाई। प्रत्येक महत्वपूर्ण सुराग पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा क्षेत्र तक पहुंची, जहां से दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया गया।
आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के पश्चात दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
रायपुर कमिश्नरेट महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बालक या बालिका के लापता होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


