अब बस्तर की बेटियां बनाएंगी आईफोन, बेंगलुरु की कंपनी में 35 युवतियों का चयन
November 27, 2026CNS | रायपुर // बस्तर की बेटियां अब सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि दुनिया के सबसे चर्चित स्मार्टफोन आईफोन के निर्माण में भी अपना हुनर दिखाएंगी। बेंगलुरु स्थित आईफोन निर्माता कंपनी में असेंबली ऑपरेटर के पद पर चयन के लिए गुरुवार को आड़ावाल स्थित जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज में विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
रोजगार मेले में जिले की कुल 60 युवतियों ने हिस्सा लिया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने युवतियों का इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट जांच और काउंसलिंग की। इस प्रक्रिया के बाद 35 युवतियों ने बेंगलुरु जाकर काम करने के लिए अपनी सहमति दी। जल्द ही इन युवतियों को अंतिम चयन और प्रशिक्षण के लिए बुलाया जाएगा।
जिला कौशल विकास प्राधिकरण की इस पहल का मकसद बस्तर की शिक्षित और हुनरमंद युवतियों को तकनीकी क्षेत्र में बेहतर रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। लंबे समय से रोजगार के सीमित अवसरों से जूझ रहे बस्तर के युवाओं के लिए यह एक बड़ा मौका माना जा रहा है।
चयनित युवतियों में काफी उत्साह देखा गया। युवतियों का कहना है कि बस्तर जैसे दूरस्थ अंचल से निकलकर देश की बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनी में काम करना उनके लिए गर्व की बात है। इससे न सिर्फ उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि जिले की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि युवतियों को कंपनी में रहने, खाने, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की पूरी जानकारी दी गई है। चयनित युवतियों को प्रशिक्षण के बाद असेंबली लाइन में आईफोन के पुर्जों को जोड़ने, गुणवत्ता जांच और पैकेजिंग जैसे कार्यों में लगाया जाएगा।
आईफोन निर्माण जैसी आधुनिक तकनीकी इकाई में काम करने का मौका मिलने से बस्तर की बेटियों के लिए रोजगार के नए दरवाजे खुल गए हैं। अब बस्तर की पहचान सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति से ही नहीं, बल्कि तकनीकी हुनर से भी होगी।

