सुशासन और जनकल्याण के संकल्प से छत्तीसगढ़ में विकास का नया अध्याय : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

सुशासन और जनकल्याण के संकल्प से छत्तीसगढ़ में विकास का नया अध्याय : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

November 27, 2026 0 By Central News Service

रायपुर // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन, जनकल्याण और समृद्धि के नए संकल्पों के साथ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हुए प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना है।

मुख्यमंत्री साय बुधवार को आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद – छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में प्रदेश के विकास और भविष्य की कार्ययोजना पर अपने विचार साझा कर रहे थे। उन्होंने सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों, प्रधानमंत्री की गारंटियों के क्रियान्वयन, औद्योगिक निवेश, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और बस्तर में शांति और विकास पर विस्तार से चर्चा की।

मोदी की गारंटियों को धरातल पर उतार रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर 2023 में सरकार गठन के साथ ही मोदी की गारंटियों को पूरा करने का कार्य शुरू किया गया। पहली कैबिनेट में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई। किसानों को दो वर्षों का लंबित धान बोनस दिया गया और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी लागू की गई। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया। महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की गई।

स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
आयुष्मान भारत योजना में पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार मिल रहा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान में 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच हुई। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू हुआ। मोबाइल मेडिकल यूनिट से सुदूर गांवों तक सेवाएं पहुंच रही हैं।

8.60 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज आधारित उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और रोजगार आधारित उद्योगों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इसमें लगभग 50 प्रतिशत निवेश आधुनिक तकनीक और अधिक रोजगार वाले क्षेत्रों से है।

निवेश के लिए 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 से उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बना है। नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई तथा देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क विकसित हो रहे हैं।

महतारी वंदन से महिला सशक्तीकरण
महतारी वंदन योजना में करीब 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है। प्रदेश की 14 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जो लक्ष्य का 179 प्रतिशत है।

महिलाओं के नाम अचल संपत्ति की रजिस्ट्री पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टांप शुल्क में 1 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। रेडी-टू-ईट का कार्य फिर महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया है।

बेटियों की शिक्षा और जनजातीय क्षेत्रों में विस्तार
‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान में 6,671 शासकीय विद्यालयों में शौचालय निर्माण की पहल हुई। सरस्वती साइकिल योजना से 1.62 लाख बालिकाएं लाभान्वित हुईं। बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से बंद विद्यालय फिर शुरू किए गए। अबूझमाड़ के ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित हो रही है।

बस्तर में शांति और विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलताएं मिली हैं। बस्तर अब हिंसा और भय से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की ओर बढ़ रहा है। बस्तर को देश के अग्रणी जनजातीय संभाग के रूप में विकसित करने के लिए बस्तर रोडमैप 2.0 तैयार किया गया है।

किसान हितैषी निर्णय
सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है। 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल के बराबर पूरी इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है, जिससे छोटे और सीमांत किसानों को लाभ मिलेगा।

शिक्षा, कौशल और रोजगार
मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन में 5 हजार स्टार्टअप शुरू करने का लक्ष्य है। पीएम सेतु योजना में प्रदेश की 30 आईटीआई का उन्नयन हो रहा है। मुख्यमंत्री एआई मिशन में 14 लाख विद्यार्थियों को एआई का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। 273 करोड़ रुपये से 38 नालंदा लाइब्रेरी विकसित हो रही हैं। नवा रायपुर में 200 करोड़ की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट बन रहा है।

पर्यटन, संस्कृति और अधोसंरचना
पर्यटन को उद्योग का दर्जा देकर मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन शुरू किया गया है। बस्तर पंडुम के माध्यम से लोक कला, नृत्य, संगीत और जनजातीय विरासत को मंच मिला है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवास बन रहे हैं। पीएम सूर्य घर योजना में 1.38 लाख सोलर संयंत्र लग चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, सामाजिक न्याय, आधुनिक तकनीक, नवाचार और जनभागीदारी से छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में स्थान दिलाना सरकार का संकल्प है। विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, आईएनडी-24 के प्रमुख नवीन पुरोहित, स्टेट हेड निधि प्रसाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।