संविधान दिवस पर रायपुर के 3 स्कूलों में लगे विधिक साक्षरता शिविर, 300 विद्यार्थियों को मिले अधिकारों की जानकारी
November 27, 2026रायपुर // जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर (जिला एवं सत्र न्यायालय) के निर्देशानुसार एवं मार्गदर्शन में संविधान दिवस के अवसर पर रायपुर जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में विशेष विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया।
शिविरों के माध्यम से पैरालीगल वालेंटियर्स श्रीमती लोमीन साहू एवं श्रीमती शुभा यदु द्वारा छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों, बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का महत्व समझाते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा संवैधानिक कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इन स्कूलों में हुए शिविर –
- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दतरेंगा।
- स्वर्गीय श्री आशाराम डहरिया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छछानपैरी।
- शासकीय नवीन पूर्व माध्यमिक शाला, डोमा।
उक्त शिविरों के माध्यम से लगभग 300 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए तथा उन्हें विधिक अधिकारों एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति निरंतर जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।


