संविधान दिवस पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक निकली भव्य ‘संविधान बचाओ मार्च’

संविधान दिवस पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक निकली भव्य ‘संविधान बचाओ मार्च’

November 27, 2026 0 By Central News Service

रायपुर // संविधान दिवस के अवसर पर रायपुर में कांग्रेस ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर देशभर की प्रदेश राजधानियों में आयोजित संविधान बचाओ मार्च की कड़ी में राजधानी रायपुर में भी भव्य रैली निकाली गई।

गांधी मैदान में पहले विशाल सभा आयोजित की गई। सभा के पश्चात हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने गांधी मैदान से डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक संविधान बचाओ मार्च निकालकर संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया।

पूरे मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तिरंगा, संविधान की प्रस्तावना की तख्तियां और डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र थे। “संविधान जिंदाबाद”, “लोकतंत्र जिंदाबाद”, “जय भीम – जय संविधान” के नारों से पूरा गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक का मार्ग गूंज उठा।

बड़े नेता रहे मौजूद –
इस ऐतिहासिक मार्च में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, हरनाम सिंह, मलकीत गैंदू, मोहम्मद अकबर, शिव डहरिया, धनेन्द्र साहू सहित विधायकगण, पूर्व विधायकगण, सभी जिला कांग्रेस अध्यक्ष, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेतागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

नगर निगम नेता प्रतिपक्ष भी सैकड़ों साथियों के साथ पहुंचे –
संविधान रक्षा मार्च में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी भी अपने सैकड़ों साथियों के साथ पहुंचे। वे कांग्रेस भवन गांधी मैदान से अंबेडकर चौक, नगर घड़ी चौक तक संविधान रक्षा मार्च में शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान हमारे देश की आत्मा है। संविधान ने ही हर नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का अधिकार दिया है। आज संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और भाईचारे को बचाने की जरूरत है। कांग्रेस हमेशा से संविधान की रक्षा के लिए लड़ती आई है और आगे भी लड़ती रहेगी।

अंबेडकर चौक पहुंचकर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।