अस्पताल की बड़ी लापरवाही! चाकू का टुकड़ा पेट में छोड़कर लगा दिए टांके, दर्द बढ़ा तो एक्स-रे में खुला राज

अस्पताल की बड़ी लापरवाही! चाकू का टुकड़ा पेट में छोड़कर लगा दिए टांके, दर्द बढ़ा तो एक्स-रे में खुला राज

November 21, 2026 0 By Central News Service

रायपुर/डोंगरगढ़। चाकूबाजी में घायल युवक के इलाज में सरकारी अस्पताल की बड़ी लापरवाही सामने आई है। 21 वर्षीय युवक की कमर में चाकू का करीब 2 से 3 इंच लंबा टुकड़ा फंसा रह गया, लेकिन डोंगरगढ़ के शासकीय अस्पताल में घाव पर टांके लगाकर उसे घर भेज दिया गया। दर्द कम नहीं हुआ तो एक्स-रे कराया, जिसमें शरीर के भीतर चाकू का टुकड़ा होने का खुलासा हुआ। बाद में निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर टुकड़ा निकाला गया।

आपसी झड़प में लगा था चाकू

मिली जानकारी के अनुसार, बधियाटोला निवासी विवेक साहू आपसी झड़प के दौरान चाकू से घायल हो गए थे। उपचार के लिए वे शासकीय अस्पताल पहुंचे, जहां आरोप है कि घाव की समुचित जांच किए बिना ही टांके लगा दिए गए। घर लौटने के बाद भी दर्द बना रहा। परेशानी बढ़ने पर एक्स-रे कराया तो कमर में चाकू का 2 से 3 इंच लंबा हिस्सा फंसा होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर चाकू का टुकड़ा निकाला गया।

घाव की जांच किए बिना लगा दिए टांके?

घटना ने सरकारी अस्पताल की उपचार व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चाकू से घायल युवक के घाव की गहराई और अंदरूनी स्थिति की जांच क्यों नहीं की गई? शरीर में चाकू का इतना बड़ा हिस्सा मौजूद होने के बावजूद उसे नजरअंदाज कैसे किया गया? समय रहते एक्स-रे नहीं कराया जाता तो युवक की स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

पुलिस को भी नहीं थी घटना की जानकारी

चाकूबाजी की घटना और घायल युवक के उपचार की जानकारी डोंगरगढ़ पुलिस को भी नहीं थी। अस्पताल में चाकू से घायल युवक पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई या नहीं, यह भी जांच का विषय है। हालांकि, अस्पताल की ओर से सूचना नहीं दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि फिलहाल उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।