अकवन तूफान की मार से खेत में बिछ गई धान, किसान बोले – मुआवजा नहीं मिला तो बर्बाद हो जायेंगे

अकवन तूफान की मार से खेत में बिछ गई धान, किसान बोले – मुआवजा नहीं मिला तो बर्बाद हो जायेंगे

November 21, 2026 0 By Central News Service

आरंग, 21 नवंबर 2026 // आरंग से लगे गांव भिलाई में अचानक आए तूफान और तेज बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेत में खड़ी पकी हुई धान की फसल तेज हवा के चलते पूरी तरह बिछ गई। कई किसानों की फसल जमीन पर गिरकर खराब हो गई है, जिससे उन्हें भारी नुकसान की आशंका है।

गांव के किसानों का कहना है कि इस बार धान की फसल अच्छी हुई थी और उन्हें अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन अचानक आए तूफान ने सारी उम्मीदें तोड़ दी। खेत में गिरी हुई धान अब न कटाई के लायक रह गई है और न ही उसे मंडी में अच्छा दाम मिलेगा।

किसानों ने बताया कि खाद, बीज, मजदूरी और सिंचाई में उन्होंने कर्ज लेकर पैसा लगाया था। अब फसल खराब होने से वे कर्ज चुकाने को लेकर चिंतित हैं। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द खेतों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर सर्वे और मुआवजा नहीं मिला तो उनके सामने संकट और गहरा हो जाएगा। किसानों ने शासन-प्रशासन से अपील की है कि उनकी पीड़ा को समझते हुए तत्काल राहत दी जाए।