नकली पनीर माफिया सौरभ शर्मा गिरफ्तार, भेजा गया जेल, पत्रकार को दी थी हत्या की धमकी
November 21, 2026रायपुर। नकली पनीर के कारोबार और पत्रकार को हत्या की धमकी देने के मामले में आरोपी सौरभ शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सिलतरा थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज है।
पत्रकार की सूचना पर पकड़ा गया था 1700 किलो नकली पनीर
16 नवंबर को पत्रकार की सूचना पर धनेली में आरोपी की कार और पिकअप से करीब 1700 किलो नकली और अवमानक पनीर पकड़ा गया था। कार्रवाई के दौरान कवरेज कर रहे पत्रकारों को आरोपी सौरभ शर्मा ने हत्या करवाने और चाकू मारने की धमकी दी थी।
आरोप है कि 20 नवंबर को बयान देने थाने पहुंचने पर भी आरोपी ने पत्रकार को मारने की धमकी दी। इसके बाद सिलतरा थाने में अपराध दर्ज कर आरोपी को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल भेजा गया।
जांच में नकली पाया गया पनीर, 1.5 टन कराया गया नष्ट
जांच में पनीर नकली और अवमानक पाए जाने पर करीब 1.5 टन पनीर नष्ट कराया गया। ड्राइवर के बयान, दस्तावेजों और सौरभ शर्मा के मोबाइल से नकली पनीर कारोबार से जुड़े अहम सुराग मिलने की जानकारी सामने आई है।
पहले भी पकड़ा जा चुका है आरोपी
सौरभ शर्मा इससे पहले भी नकली पनीर के साथ पकड़ा जा चुका है। उस पर भोपाल निवासी शमशाद आलम के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा में नकली पनीर सप्लाई करने का आरोप है।
16 नवंबर की कार्रवाई के बाद 19 नवंबर को खैरागढ़ में भी शमशाद आलम और सौरभ शर्मा की 1500 किलो नकली पनीर से भरी गाड़ी पकड़ी गई थी।
MP में NSA के डर से रायपुर में चला रहा था कारोबार
मूल रूप से मध्य प्रदेश के मुरैना का रहने वाला सौरभ शर्मा MP में NSA की कार्रवाई के डर से रायपुर समेत आसपास के इलाकों में नकली पनीर का कारोबार कर रहा था। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के कई मिलावटखोर भी इसी डर से छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि नकली पनीर के कारोबार की जांच में अब बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद है।


