स्मार्टफोन खरीदना होगा महंगा! साल के अंत तक 1 लाख पार कर जाएगा प्रीमियम फोन का दाम

स्मार्टफोन खरीदना होगा महंगा! साल के अंत तक 1 लाख पार कर जाएगा प्रीमियम फोन का दाम

November 21, 2026 0 By Central News Service

नई दिल्ली। अगर आप नया प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ सकती है। मेमोरी चिप की लागत में तेज वृद्धि के कारण ज्यादातर कंपनियों के महंगे और उन्नत स्मार्टफोन की कीमतें इस साल के अंत तक 30 प्रतिशत से अधिक बढ़कर एक लाख रुपये के पार पहुंच सकती हैं।

बाजार शोध कंपनी काउंटरपॉइंट ने शुक्रवार को यह अनुमान जताया है।

क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

कंपनी के अनुसार, मेमोरी चिप महंगी होने से कंपनियों की लागत बढ़ी है, जिसका असर सीधे फोन की कीमतों पर पड़ रहा है।

एक लाख का फोन अब आम!

काउंटरपॉइंट रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में कहा, कुछ साल पहले भारत में एक लाख रुपये का स्मार्टफोन मिलना दुर्लभ था। आज महंगे स्मार्टफोन की कीमतें लगातार बढ़ने के साथ यह कीमत आम होती जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, प्रीमियम श्रेणी के सबसे उन्नत स्मार्टफोन की कीमतें 2025 की तुलना में 2026 के अंत तक 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ने का अनुमान है।

उपभोक्ताओं की बढ़ रही हैं अपेक्षाएं

कंपनी ने कहा कि स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ने के साथ ही उपभोक्ताओं की अपेक्षाएं भी बढ़ रही हैं। वे फोन की प्रोसेसिंग गति, कैमरा, बैटरी, मजबूती और बिक्री के बाद मिलने वाली सेवाओं सहित अन्य सुविधाओं में बेहतर अनुभव चाहते हैं।