रायपुर में 25 नवजातों का सौदा, डॉक्टर समेत 6 गिरफ्तार, SIT जांच में जुटी
November 21, 2026रायपुर। राजधानी रायपुर से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। आजाद चौक थाना पुलिस ने दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर समेत 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 6 हो गई है। मामले की जांच के लिए SIT गठित कर दी गई है।
गरीब और अविवाहित महिलाओं को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाता था। उन्हें मुफ्त प्रसव और इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया जाता था। बच्चे के जन्म के बाद निसंतान दंपतियों से उसका सौदा किया जाता था। मिलने वाली रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। कई सौदों में बच्चों के लिंग और अन्य विशेषताओं के आधार पर लाखों रुपये तक की मांग की जाती थी।
डॉक्टर समेत 6 गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में –
- डॉ. खिर सिंधु महानंद (45) – दिवाकर अस्पताल, मोतीलाल नगर कोटा
- प्रकाश कुमार कौरव (45) – अमलीडीह
- अश्वनी शर्मा (38) – रामकुंड विहार
इससे पहले पुलिस ने कृतिका साहू (34), अहिल्या नामदेव (40) और भिलाई निवासी गीतिका नाग (36) को गिरफ्तार किया था।
डीसीपी पश्चिम रॉबिन्सन गुड़िया के मुताबिक, सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। अश्वनी शर्मा पर बच्चों की खरीद-बिक्री से जुड़े आर्थिक लेन-देन को संभालने का आरोप है। पुलिस उसके बैंक खातों की भी जांच कर रही है।
सबसे चौंकाने वाला खुलासा: 3 डिलीवरी, 26 जन्म प्रमाणपत्र!
मामले में सबसे बड़ा खुलासा दिवाकर अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच में हुआ। वर्ष 2026 में अस्पताल में केवल 3 प्रसव दर्ज किए गए, लेकिन नगर निगम में जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए 26 दस्तावेज जमा किए गए थे।
आरोप है कि डॉक्टर खिर सिंधु महानंद खरीदारों को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। इसके बाद ये दस्तावेज कृतिका साहू को सौंपे जाते थे। ऐसे बच्चों के भी दस्तावेज बनाए गए, जिनका जन्म अस्पताल में हुआ ही नहीं था।
पुलिस ने डॉक्टर के कब्जे से उपचार संबंधी दस्तावेज और ओपीडी रजिस्टर जब्त किए हैं।
ओडिशा की महिला की शिकायत से खुला राज
इस गिरोह का खुलासा ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की एक महिला की शिकायत के बाद हुआ। गर्भवती महिला का संपर्क कृतिका साहू से हुआ। उसे मुफ्त प्रसव का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया और गोगांव में अहिल्या नामदेव के घर ठहराया गया।
आरोप है कि गिरोह ने महिला पर बच्चे को बेचने का दबाव बनाया। जब महिला ने इनकार किया तो उसे धमकाया गया। 4 नवंबर को बच्चे के जन्म के बाद महिला और नवजात को घर में बंधक बना लिया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर नवजात को सुरक्षित बचाया।
गुजरात से कर्नाटक तक फैला नेटवर्क, SIT जांच में जुटी
गिरोह का नेटवर्क छत्तीसगढ़ से लेकर गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक तक फैला था। आरोपियों ने अहमदाबाद, नागपुर और बेंगलुरु तक नवजात बच्चों को पहुंचाया। गिरोह के सदस्य व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से संपर्क करते थे।
शुरुआती जांच में करीब 25 बच्चों की खरीद-फरोख्त की बात सामने आई है। मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है। SIT अब पता लगा रही है कि जिन बच्चों के नाम पर दस्तावेज बनाए गए, वे इस समय कहां हैं और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
पुलिस का कहना है कि जांच में नए साक्ष्य मिलने पर और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।


