नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक: भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा, लोक नृत्यों ने बांधा समां
November 20, 2026नई दिल्ली। दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार की शाम छत्तीसगढ़ के नाम रही। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक समारोह में प्रदेश के लोक कलाकारों ने गौर, करमा, पंथी, सुआ, राउत नाचा से लेकर गौरा-गौरी तक की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अध्यक्षता में शामिल हुए।
CM साय बोले – अब बदल रही है छत्तीसगढ़ की पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जिस बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, जीवंत लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया के सामने नई पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं।
राज्यपाल ने निवेशकों को दिया न्योता
राज्यपाल डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की व्यापक संभावनाओं वाला राज्य है। इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण में निवेश के अपार अवसर हैं। उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ की संभावनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की असली ताकत यहां के मेहनतकश किसान, प्रतिभाशाली युवा, महिलाएं और कुशल शिल्पकार हैं।
लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर रही शाम
एम्फी थिएटर में आयोजित समारोह में कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों के साथ प्रस्तुतियां दीं। मांदर-ढोल की गूंज के बीच गौर नृत्य में बस्तर की जनजातीय परंपरा, भोजली में कृषि संस्कृति, पंथी में सतनामी समाज की आध्यात्मिक परंपरा और करमा में प्रकृति और सामूहिक उत्सव की झलक देखने को मिली।
पवेलियन में CM ने किया भ्रमण
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का भी भ्रमण किया। उन्होंने बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण, हथकरघा वस्त्र और वनोपज आधारित उत्पादों का अवलोकन किया। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों की भी जानकारी ली।
चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव की मुख्यमंत्री ने विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से पर्यटन स्थलों को दिखाना पर्यटन को बढ़ावा देने का अभिनव प्रयास है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, मंत्री राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत साहेब, श्याम बिहारी जायसवाल समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी उपस्थित थे।


