9 कन्याओं की ऐतिहासिक बारात निकाल सेवा पथ संस्था ने पूरा किया बेटियों का अनोखा सपना, सातवें वर्ष 9 जोड़ों का कराया निःशुल्क विवाह
November 19, 2026
रायपुर। बेटियां किसी से कम नहीं, उनके सपने भी उतने ही खास हैं। इसी भावना को साकार करते हुए सामाजिक संस्था सेवा पथ द्वारा 18 नवंबर 2026, बुधवार को सातवीं बार निःशुल्क कन्यादान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 9 कन्याओं की ऐतिहासिक बारात निकाली गई, जो समारोह का विशेष आकर्षण रही।
सेवा पथ संस्था के मीडिया प्रभारी विक्की पंजवानी ने बताया कि संस्था पिछले 6 वर्षों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक के रूप में कुल 54 कन्याओं का कन्यादान कर चुकी है। इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 9 जोड़ों का निःशुल्क विवाह कराया गया।
इस बार आयोजन को खास बनाने के लिए संस्था ने उन 9 कन्याओं का सपना पूरा किया, जिनकी इच्छा थी कि दूल्हों की तरह उनकी भी सजी-धजी बग्गियों में बारात निकले। संस्था के सदस्यों ने सभी 9 कन्याओं के लिए एक जैसी आकर्षक बग्गियां सजाईं और भव्य बारात निकाली। इस दौरान फूलों की वर्षा कर माता स्वरूप दुल्हनों का स्वागत किया गया। इसके पश्चात लेडीज संगीत समारोह आयोजित हुआ, जिसमें गुजरात से पधारी सेहरावाली माता ने वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान किया।
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों के साथ अन्य राज्यों से भी वर-वधु के जोड़ों ने भागीदारी की। रायपुर सहित विभिन्न शहरों की पंचायतों एवं सामाजिक संस्थाओं से लगभग 500 समाजसेवी अतिथि शामिल हुए। छत्तीसगढ़ सिंधी साधु समाज, सिंधु महाराज मंडल, अग्रवाल सभा, श्री रामस्वरूप निरंजनलाल चेरिटेबल ट्रस्ट, पूज्य सिंधी पंचायत सहित धमतरी, कांकेर, भानुप्रतापपुर, तिल्दा, भाटापारा, राजनांदगांव, भिलाई, दुर्ग एवं बिलासपुर की पंचायतों ने सहयोग दिया।
इसके अलावा जय झूलेलाल नवयुवक संघ, सारथी संस्था, दिव्य ज्योति संस्था, सरस म्यूजिकल ग्रुप, बाबा गुरुमुखदास सेवा समिति, हरे माधव, संत निरंकारी मिशन, एस.एस.डी. धाम एवं जय झूलेलाल धर्मार्थ सेवा समिति सहित अनेक संस्थाओं ने आयोजन में योगदान दिया।
संस्था के प्रमुख पहलाज खेमानी एवं संजय लालवानी ने बताया कि विवाह के सात फेरे संपन्न होने के बाद रात्रि 8 बजे से सभी 9 नवविवाहित जोड़ों के लिए भव्य रिसेप्शन आयोजित किया गया। इसमें सभी पक्षों के लिए भोजन की व्यवस्था निःशुल्क रखी गई। संस्था एवं वरिष्ठ समाजसेवियों की ओर से नवविवाहित कन्याओं को उपहार स्वरूप घरेलू उपयोग की आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई।
संस्था की श्रीमती सुलोचना नारायणी, मीना एवं सरिता चंदानी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में विवाह के नाम पर बढ़ते आडंबर और अनावश्यक खर्च को कम करने की प्रेरणा देना है। संस्था के माध्यम से कम खर्च में भी सम्मानजनक एवं व्यवस्थित विवाह संभव है। इस आयोजन में सक्षम परिवार भी अपनी बेटियों का विवाह कराकर सामाजिक समानता का संदेश दे सकते हैं, जिससे अमीर-गरीब का भेदभाव महसूस न हो।
संस्था के राजकुमार, रवि पंजवानी एवं अनिल नैनवानी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन में कोई कैश काउंटर नहीं रखा गया। किसी से भी दान की मांग नहीं की जाती। जो व्यक्ति सहयोग करना चाहते हैं, वे अपनी इच्छा से नवविवाहित जोड़ों को रिसेप्शन में उपहार दे सकते हैं अथवा कन्यादान समारोह में किसी सेवा का दायित्व स्वयं उठा सकते हैं।
सेवा पथ संस्था का यह आयोजन बेटियों के सपनों को सम्मान देने, सामाजिक समानता बढ़ाने और सादगीपूर्ण विवाह को प्रोत्साहित करने का प्रेरणादायक संदेश दे गया।
मीडिया प्रभारी: विक्की पंजवानी


