रायपुर में गंदगी का अंबार, सफाई व्यवस्था फेल: अधिकारी और महापौर की लड़ाई में पिस रही जनता

रायपुर में गंदगी का अंबार, सफाई व्यवस्था फेल: अधिकारी और महापौर की लड़ाई में पिस रही जनता

November 18, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। राजधानी रायपुर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। चौक-चौराहों से लेकर लोगों के घरों के सामने तक, मुख्य मार्गों पर कचरे के ढेर लगे हुए हैं। दिवाली के बाद स्थिति और बद से बदतर हो गई है।

नुक्कड़ों पर सड़ता कचरा, बदबू, मच्छर और बीमारियों का खतरा – यही आज रायपुर की पहचान बनती जा रही है।

आंकड़े खुद गवाही दे रहे हैं

रायपुर नगर निगम क्षेत्र में करीब 70 वार्ड हैं। रोजाना करीब 600 से 700 टन कचरा निकलता है। लेकिन उठाव की व्यवस्था इतनी लचर है कि आधे से ज्यादा वार्डों में समय पर कचरा ही नहीं उठ रहा है। घर-घर से कचरा उठाने की जिम्मेदारी राम की कंपनी को दी गई है, लेकिन हकीकत ये है कि कई वार्डों में 3-3, 4-4 दिन तक गाड़ी ही नहीं पहुंच रही।

नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी का हमला

नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा –

“जिन अधिकारियों और महापौर जी एवं उनकी चुनी हुई परिषद पर स्वच्छता की जिम्मेदारी है, वे दोनों अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।”

“आज सामान्य सभा कक्ष में रायपुर की जनता ने ये देखा कि सफाई की जिम्मेदारी वाले लोग ही आपस में तू-तू मैं-मैं करते हुए लड़ते-झगड़ते दिखे। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप हुआ। और इस लड़ाई का खामियाजा भोली-भाली जनता को भुगतना पड़ रहा है।”

प्रेजेंटेशन पर बड़ा सवाल

आज नगर निगम में सेंट्रल सफाई सिस्टम के नाम पर प्रेजेंटेशन की बात कही गई थी। इस पर सबसे बड़ा सवाल यही है –

अगर इस प्रेजेंटेशन में महापौर की सहमति थी, तो विवाद क्यों हुआ? और अगर विवाद हुआ, तो सहमति क्यों नहीं थी?

महापौर, उनकी परिषद और जिम्मेदार अधिकारियों की आपसी असहमति के कारण रायपुर की जनता की मूलभूत स्वच्छता की समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है।

पुराने प्रस्तावों का क्या हुआ?

आकाश तिवारी ने याद दिलाया कि इसके पहले महापौर जी द्वारा एक विशेष सामान्य सभा बुलाई गई थी, जिसमें प्रत्येक पार्षद से उनके वार्ड के मूलभूत कार्यों के लिए सुझाव मांगे गए थे। पार्षदों ने प्रस्ताव दिए।

तो सवाल है – उन प्रस्तावों का क्या हुआ? कितने प्रस्तावों पर काम हुआ? कितने प्रस्ताव फाइलों में दबा दिए गए? आज महापौर जी अपने पार्षदों के सुझाव की बात कर रही हैं, तो पहले वाले सुझाव कहां गए?

जनता के सामने तीन बड़े सवाल

आज प्रेजेंटेशन के वक्त हुए हंगामे में अधिकारियों का व्यवहार और महापौर एवं उनकी परिषद के सदस्यों के बीच की खींचतान ने साफ कर दिया कि निगम में कोई तालमेल नहीं है।

आज रायपुर की जनता के सामने तीन बड़े सवाल खड़े हैं –

  1. क्या रायपुर नगर निगम को महापौर जी चला रही हैं?
  2. क्या निगम को जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा चलाया जा रहा है?
  3. या रायपुर नगर निगम को किसी अदृश्य शक्ति द्वारा चलाया जा रहा है?

सफाई व्यवस्था से रायपुर की दुर्दशा हो रही है। कचरे के ढेर से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। बच्चे बीमार हो रहे हैं, बुजुर्ग परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार लोग अपनी जिम्मेदारी से बचने का लगातार प्रयास कर रहे हैं।