‘स्पेस ऑन व्हील’ से जनजातीय अंचलों के बच्चों तक पहुंच रहा अंतरिक्ष विज्ञान
November 18, 2026रायपुर। जिन बच्चों के लिए उपग्रह अब तक आसमान में चमकते बिंदु भर थे, अब उनके सामने इसरो के उपग्रहों के मॉडल मौजूद हैं। विज्ञान को प्रयोगशालाओं से निकालकर गांवों और स्कूलों तक पहुंचाने वाली विज्ञान भारती की ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल अब जनजातीय अंचलों के बच्चों में वैज्ञानिक चेतना जगा रही है।
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आत्मीय भेंट की और इस पहल की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा – जिज्ञासा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और नवाचार के प्रति जिज्ञासा नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। जनजातीय अंचलों के बच्चों को देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों से परिचित कराने से उनमें नई चीजों को जानने-समझने की रुचि बढ़ेगी और नई संभावनाओं के प्रति उत्सुकता विकसित होगी।
क्या है ‘स्पेस ऑन व्हील’ ?
विज्ञान भारती के प्रतिनिधि श्री वर प्रसाद कोला ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस विशेष वाहन में इसरो द्वारा प्रक्षेपित उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी प्रदर्शन सामग्री रखी जाती है। वाहन के साथ मौजूद वैज्ञानिक और प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को उपग्रहों, अंतरिक्ष अभियानों और अनुसंधान की कार्यप्रणाली सरल भाषा में समझाते हैं।
इस पहल से उन बच्चों को भी अंतरिक्ष विज्ञान को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है, जिनके लिए वैज्ञानिक संस्थानों और प्रयोगशालाओं तक पहुंचना आसान नहीं है।
राष्ट्रीय स्तर पर काम कर रही विज्ञान भारती
श्री कोला ने बताया कि विज्ञान भारती राष्ट्रीय स्तर की संस्था है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। संस्था स्वदेशी विज्ञान आंदोलन के माध्यम से भारतीय वैज्ञानिक परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच संवाद स्थापित कर रही है। इसमें वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ नई पीढ़ी के वैज्ञानिक भी जुड़े हैं। इसरो, आईसीएमआर, जैव प्रौद्योगिकी विभाग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़े विशेषज्ञों का भी योगदान है।
इस अवसर पर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. कुशकुमार नायक तथा एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार सिसोदिया भी उपस्थित रहे।


